हरदोई : तीन दिन से लापता आईटीआई के छात्र का फंदे से लटका मिला शव 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। आईटीआई का छात्र 9 अक्टूबर की सुबह कालेज जाने के लिए घर से निकला, लेकिन शाम हो गई और वह घर नहीं लौटा। उसके बाद से उसे तलाश किया जा रहा था। शुक्रवार की सुबह उसी छात्र का शव गांव के किनारे फंदे पर लटका हुआ देखा गया। इसका पता होते ही वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया और मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है।

बताया गया है कि सुरसा थाने के रसूलापुर निवासी अभिमन्यु का 22 वर्षीय पुत्र विपिन आईटीआई का छात्र था। वह अपने दो भाइयों में छोटा था। बताते हैं कि 9 अक्टूबर की सुबह वह कालेज जाने के लिए घर से निकला। उसके बाद से विपिन वापस नहीं लौटा। काफी शाम हो गई, घर वाले विपिन को इधर-उधर तलाश करने लगे, लेकिन उसका कहीं भी कुछ पता नहीं चला। उसी बीच शुक्रवार की सुबह देखा गया कि गांव के किनारे बिल्कुल सुनसान इलाके में खड़े गूलर के पेड़ में विपिन का शव रस्सी के फंदे पर लटक रहा था। 

इसका पता होते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया। विपिन के घर वालों को इसका पता हुआ,सभी रोते-बिलखते हुए दौड़ पड़े। आईटीआई के छात्र ने ऐसा क्यों किया ? इस बारे में फिलहाल कोई कुछ भी बोलने से बच रहा है। वहां पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है। उसका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकता है।

ये भी पढ़ें -देवरिया में डेढ़ करोड़ कीमत का 6 क्विंटल गांजा बरामद, कंटेनर में बॉक्स बनाकर ले जा रहे थे खेप

संबंधित समाचार