शाहजहांपुर: बिन बरसे लौट गया दक्षिण-पश्चिम मानसून, अगले सप्ताह गिरेगा तापमान
शाहजहांपुर, अमृत विचार। अक्तूबर के पहले पखवारे में महसूस होने वाली ठंड का अहसास इस बार नहीं हुआ। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो दक्षिण-पश्चिम का मानसून वापस लौटने की वजह से पहले सप्ताह में होने वाली बारिश की संभावना समाप्त हो गई, जिससे तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का अहसास होता रहा। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सिसयस, जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. जीएस सिंह के अनुसार, आमतौर पर अक्तूबर के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश होती है, जिससे तापमान कम होने लगता है। इस बार सितंबर के अंतिम सप्ताह में बादल बनने शुरू हुए तो बारिश की आस बंधी थी, लेकिन अब बारिश की संभावना खत्म हो गई। इन दिनों सुबह से ही निकली चटक धूप ने जून जैसी गर्मी का अहसास करा दिया।
दोपहर की तीखी धूप से लोग बेचैन हो रहे हैं। मौसम के जानकारों का कहना है कि पिछले साल अक्तूबर में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास जरूर था, लेकिन न्यूनतम तापमान 20 डिग्री हो गया था।
जिसकी वजह से लोगों की रात आरामदायक थी। इस बार रात में भी उमस का अहसास हो रहा है। यही वजह है कि बीते साल की तुलना में अक्तूबर का पहला पखवारा इस बार गर्म रहा। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि सोमवार से ठंड का अहसास होने लगा है।
सुबह-शाम तापमान में गिरावट से लोग हो रहे बीमार
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. वीके वर्मा का कहना है कि दिन में तापमान में बढ़ोत्तरी और सुबह-शाम गिरावट से लोग बीमार हो रहे हैं। अक्तूबर में गर्मी का अहसास कम होने लगता है तो बीमारियां भी नियंत्रित होने लगती हैं, लेकिन इस बार जैसा मौसम है, उससे सर्दी-बुखार के अलावा सिर दर्द, पेट दर्द, अपच जैसी दिक्कत आएगी।
