लखनऊ: महिला अपराधों पर सख्त रूख के साथ फील्ड में उतरेगी उत्तर प्रदेश पुलिस, बनाया यह खास प्लान...
लखनऊ। मिशन शक्ति अभियान का चौथा चरण शुरू होने के साथ ही उप्र पुलिस, महिला अपराधों पर लगाम कसने को सख्त रूख के साथ फील्ड में उतरने को तैयार हो गई है। इसके तहत न केवल उन अपराधों से जुड़े बदमाशों की गिरफ्तारी में तेजी दिखाएगी, बल्कि सलाखों के पीछे भेजने साथ उन्हें सजा दिलाने की कवायद में भी जुटेगी।
दरअसल, महिला अपराध को नियंत्रित करने के लिए मिशन शक्ति अभियान चौथा चरण शुरू किया गया है। ऐसे में महिला अपराधों पर खास फोकस रहेगा। मनचलों-शोहदों पर शिकंजा कसने के लिए एंटी रोमियों स्क्वायड को फिर सक्रिय किया जाएगा। देवी मंदिरो, बाजारों और स्कूल-कालेजों के आस-पास यह टीम सादेवेश में तैनात रहेगी।
पिंक बूथ पर तैनात महिला सिपाही भी मनचलों पर खास नजर रखेंगी। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के सभी जनपदों के डीएम हिंसा से पीड़ित महिलाओं के साथ संवाद करेंगे।
वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों के पास आपातकालीन सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, 1090, पुलिस कन्ट्रोल रूम- 112. एम्बुलेंस 108, नजदीकी थाने के नम्बर की पूरी जानकारी सहित वॉल राइटिंग कराई जाएगी। बलात्कार, छेड़खानी, शीलभंग और पॉक्सो एक्ट के मुकदमों की विवेचना के दौरान फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने और तय समय में विवेचना पूरी करने के साथ ही अदालतों में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को सजा दिलवाने की बाबत भी पुलिस महकमा सक्रिय रहेगा।
चैन स्नेचिंग व अन्य गंभीर अपराधों का शीघ्र खुलासा कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटेगी। विद्यालयों में बेटियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही वेबिनार, सेमिनार के माध्यम से उन्हें महिला सुरक्षा के प्राविधानों और कानूनों की जानकारी दी जाएगी। सेफ टच, अनसेफ टच आदि मुद्दों पर भी जागरूक किया जाएगा। कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम 2013 के अंतर्गत गठित स्थानीय व आंतरिक परिवाद समितियों का ओरिएंटेशन भी होगा।
यह भी पढ़ें: IND VS PAK Match: भारत की जीत पर सीएम योगी ने दी बधाई, लिखा ये संदेश
