लखनऊ: सोशल मीडिया पर साइबर क्राइम की टीम रख रही पैनी नजर, हमीरपुर में इमाम को किया गिरफ्तार
लखनऊ। इजरायल और फिलिस्तीन के आतंकी संगठन हमास के बीच भीषण युद्ध के बीच उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों से लोग हमास और इजराइल के समर्थन में भड़काऊ पोस्ट कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने हाल ही कानून-व्यवस्था की बैठक में अफसरों को इस बाबत सचेत करते हुए भड़काऊ पोस्ट अथवा बयान देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद साइबर क्राइम सेल ने भी सोशल मीडिया पर अपनी नजरें टिका दी है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है। शनिवार को हमीरपुर में भड़काऊ पोस्ट के मामले में पेश इमाम को गिरफ्तार किया है।
हाल ही में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों ने इजरायल के खिलाफ पैदल मार्च निकाला था। वहीं अब लोग सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के समर्थन पोस्ट कर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा उत्पन्न हो गया है। इसको लेकर साइबर क्राइम की टीम भी सक्रिय हो गई है। ताजा मामला हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे के में सामने आया है।
कुछ लोगों ने फिलिस्तीन के समर्थन में सोशल मीडिया व इंस्टाग्राम पर भड़काऊ पोस्ट कर सनसनी फैलाने की कोशिश की है। इस बाबत सूचना मिलने पुलिस ने मौलाना समेत दो लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। बाद में पेश इमाम मौलाना को हिरासत में ले लिया गया। दूसरा आरोपी फरार है।
इसी तरह का एक और मामला बरेली का है। यहां सामाजिक सरोकार वाले डाक्टर के मोबाइल फोन से इजराइल के पक्ष में एक विवादित पोस्ट किया गया। यह पोस्ट धर्म विशेष के खिलाफ काफी भड़काऊ था। उसके बाद एक संगठन की शिकायत पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़े: IND VS PAK Match: भारत की जीत पर सीएम योगी ने दी बधाई, लिखा ये संदेश
