प्रयागराज: ठेकेदार की हत्या मामले में सिपाही समेत आठ लोग किए गए नामजद, आरोपियों का अब तक नहीं लगा सुराग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। झूंसी में शनिवार को सुबह ठेकेदार की गोली मारकर हत्या किये जाने के मामले में पुलिस ने लखनऊ में तैनात सिपाही समेत चार नामजद और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बताया जाता है कि ठेकेदार और आरोपियों के बीच चार पांच करोड़ की जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। जिसके कारण ठेकेदार की हत्या की गयी। 

बता दें कि झूंसी थाना क्षेत्र के गांव नैका-महीन निवासी सत्यपाल भारतीया बालू-ईंट की सप्लाई करते थे। उनके दो बेटे 16 वर्षीय हिमांशु और 14 वर्षीय प्रियांशु हैं। बता दें कि रोज की तरह वह शनिवार सुबह करीब सात बजे बाइक से गंगा घाट पितृ विसर्जन के लिए छतनाग घाट जा रहे थे। अभी वह छतनाग गांव में एचआरआई के पास दीनानाथ यादव की चाय की दुकान के पास पहुंचे थे कि पीछे से बाइक सवार शिवकुमार उर्फ ननका पहुंचा और बाइक में टक्कर मारकर सत्यपाल को गिरा दिया। फिर, तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।

पहली गोली सत्यपाल को छू कर निकल गई। दूसरी गोली उनके माथे पर लगी और मौके पर ही मौत हो गई। हत्यारोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ी में गिर पड़ने पर बाइक छोड़कर भाग निकला। उधर से गुजर रहे सत्यपाल के भतीजे मंजीत ने घटना की परिजनों व पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर रोते-बिलखते पत्नी दीपमाला पहुंचीं। उन्होंने शिव कुमार, नीरज कुमार निवासी मम्फोर्डगंज और राजकुमार उर्फ हकड़ू निवासी नैका के खिलाफ हत्या और हत्या की साजिश रचने की रिपोर्ट लिखाई है।

आरोपी सिपाही नीरज कुमार लखनऊ में तैनात है। फोरेंसिक टीम को मौके से खोखा मिला है। एसओ उपेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक सत्यपाल और शिवकुमार पट्टीदार हैं। दोनों परिवारों के बीच झूंसी के उस्तापुर-महमूदाबाद गांव में तकरीबन चार करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी को लेकर हत्या की गई है। सभी आरोपी फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए कई टीमें दबिश दे रही हैं।

हत्यारोपी का बड़ा भाई भी जेल में

शिवकुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा है। उसकी अभी शादी नहीं हुई। उसे उतरांव पुलिस ने तमंचा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वह छह महीने पहले ही जेल से छूटा है। उसके एक भाई की कुछ साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा दुष्कर्म के आरोप में जेल में है

यह भी पढ़ें: अलीगढ़ में बड़ा बवाल, राम बारात पर हुआ पथराव - दो घायल, भारी फोर्स तैनात

संबंधित समाचार