बरेली: कड़ी सुरक्षा के बीच बबलू श्रीवास्तव प्रयागराज रवाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीओ अजय गौतम के नेतृत्व में 50 पुलिस कर्मियों की टीम साथ में तैनात

बरेली, अमृत विचार। प्रयागराज के चर्चित सराफ पंकज महिंद्रा के अपहरण कांड में पुलिस रविवार दोपहर करीब तीन बजे माफिया बबलू श्रीवास्तव को लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुई है। सीओ ट्रैफिक अजय गौतम की नेतृत्व में 50 पुलिस कर्मियों की टीम के साथ बबलू श्रीवास्तव को सीसीटीवी कैमरे युक्त बज्र वाहन से भेजा गया है। सोमवार को बबलू को प्रयागराज की कोर्ट में पेश होना है।

माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस हिरासत में हुई हत्या के बाद से बरेली जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव सहमा हुआ है। उसने प्रयागराज में पेशी पर जाने से जान का खतरा बताते हुए कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई की अर्जी दी थी। इसे कोर्ट ने खारिज करते हुए 16 अक्टूबर को तलब किया है।

2015 में सराफ का अपहरण कर 10 करोड़ की फिरौती मांगने के आरोप में बबलू श्रीवास्तव का नाम सामने आया था। इसमें अन्य आरोपियों के बयान दर्ज हो चुके हैं और सिर्फ बबलू श्रीवास्तव का बयान नहीं हो पाया है। इसी के चलते कोर्ट ने बबलू श्रीवास्तव को जिला जज की कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है।

पंकज महिंद्रा के अपहरण कांड मामले में 50 पुलिस कर्मियों की टीम संग बबलू श्रीवास्तव को कड़ी सुरक्षा में बज्र वाहन से रविवार दोपहर में रवाना किया गया है। जिसे सोमवार को कोर्ट में पेश होना है---विजय राय, जेलर सेंट्रल जेल।

यह भी पढ़ें- बरेली: SSP ने 52 चौकी इंचार्ज बदले, अनाथालय में बच्ची से छेड़छाड़ मामले में बिहारीपुर चौकी इंचार्ज भी हटाए

संबंधित समाचार