Unnao News: PWD करोड़ों की जमीन पर भू माफिया का कब्जा, सरकारी जमीनों पर बना दिए गेस्ट हाउस, कब होगी कार्यवाही?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में पीडब्ल्यूडी की करोड़ों की जमीन पर भूमाफिया ने कब्जा किया।

उन्नाव में पीडब्ल्यूडी की करोड़ों की जमीन पर भूमाफिया ने कब्जा किया। भूमाफिया ने सरकारी जमीनों पर गेस्ट हाउस बना दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने पीडब्ल्यूडी से जानकारी मांगी थी।


उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव लोक निर्माण विभाग की करोड़ों की बेसकीमती जमीन पर भू माफियाओं ने अवैध कब्जा कर रखा है। भू माफियाओं ने इन जमीनों पर गेस्ट हाउस, अस्थाई निर्माण समेत कई भूखंड खड़े कर रखे हैं। इसका खुलासा तब हुआ जब जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने पीडब्ल्यूडी को एक पत्र लिखकर सरकारी जमीनों के बारे में जानकारी मांगी। 

बता दें, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने 23 सितंबर को लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता प्रांतीय खंड उन्नाव को पत्र लिखते हुये मांग की थी कि पीडब्ल्यूडी विभाग की भूमि गंगाघाट पुराने रेलवे ब्रिज से लेकर धोबिन पुलिया, छम्मक नाली पुलिया, आखिरी छम्मकनाली पुलिया, उन्नाव स्थित नहरिया के पास व मरहला चौराहे के आस पास कुल कितनी भूमि विभाग की पड़ी हुई है।

जिस पर पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन एचडी अहिरवार ने जानकारी देते हुये बताया कि शुक्लागंज आजाद नगर के सामने एक गेस्ट हाउस पीडब्ल्यूडी की भूमि पर बना हुआ है। इसके साथ ही आजाद नगर में लगने वाली बाजार भी इसी भूमि पर हैं इसके अलावा कई लोगों ने अतिक्रमण कर स्थाई और अस्थाई रूप से निर्माण कर रखा है।शुक्लागंज से उन्नाव स्थित नहरिया के बीच लगभग सौ बीघे विभाग की जमीन है। जिसमें शुक्लागंज में दस बीघे जमीन कब्जा हो चुकी हैं।

पीडब्ल्यूडी जमीन पर रमेश भारती, वीरेन्द्र शुक्ला निवासी हरदोई, सुनील, सुनीता वर्मा, अनीता वर्मा, विनोद वर्मा, सुभाष बाजपेई, अस्थाई नर्सरी, शहनाई गेस्ट हाउस, जलबहाव क्षेत्र, धोबी घाट, सरकारी पंचायत घर, 10 प्रतिशत अंशिक आबादी, फिरोज अहमद, हाजी शमसुलइस्लाम, मुहसिन, अकील अहमद, मो0 नईम, सुशीला कुमारी, नन्हकू, लाल बहादुर व मनोज ने कब्जा कर रखा है। जिनको हटाने के लिये पूर्व में कई बार नोटिसें भी भेजी जा चुकी हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि उन्नाव डीएम अपूर्वा दुबे इन भूमाफियाओं पर कब कार्यवाही करती है।

संबंधित समाचार