मुरादाबाद : पेड़ के सहारे फंदे से लटका मिला मजदूर का शव, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

बिलारी थाना क्षेत्र के तुखरखेड़ा गांव की है घटना, भाई ने तहरीर दी

मुरादाबाद, अमृत विचार। बिलारी थाना क्षेत्र के गांव तुखरखेड़ा में पेड़ के सहारे फंदे से मजदूर का शव लटका मिला। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या कर पेड़ से शव लटकाने का आरोप लगाया है। फॉरेंसिक लैब की टीम ने मौके से साक्ष्य लिए हैं। हालांकि पुलिस आत्महत्या मान रही है।

तुखरखेड़ा गांव में किसान राजाराम का परिवार रहता है। उनका बेटा उदयवीर (35) सोमवार देर शाम घर में सोया था। लेकिन रात में किसी समय वह घर से चला गया। मंगलवार सुबह गांव के ही रमेश और श्याम सिंह ने उसका शव पेड़ के सहारे गमछे के फंदे से लटका देखकर पुलिस को सूचना दी। पेड़ से लटके मृतक के पैर जमीन से टिके थे। 

सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन रोने बिलखने लगे। इस बीच पुलिस ने आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ की तो मृतक के भाई मुन्ना लाल ने बताया कि 20 दिन पहले उदयवीर दिल्ली से आया था। उसने बताया कि सब कुछ ठीक था, रात घर में ही सोया था। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या कर पेड़ से शव लटकाने का आरोप लगाया है। बिलारी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामपाल सिंह ने बताया कि मृतक भाई मुन्ना लाल ने तहरीर दी है। फिलहाल आत्महत्या का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आर्थिक तंगी के चलते छोड़कर चली गई पत्नी
बिलारी, अमृत विचार: उदयवीर सिंह दिल्ली व अन्य जगहों पर मजदूरी करता था। आर्थिक तंगी के कारण उसके परिवार में विवाद रहता था। इससे वह काफी तनाव में रह रहा था। उसकी शादी चार वर्ष पूर्व बिहार की युवती के साथ हुई थी। लेकिन आर्थिक तंगी के कारण पत्नी घर छोड़कर चली गई। इसके चलते उदयवीर ने आत्मघाती कदम उठाया है। हालांकि भाई ने हत्या का शक जताया, लेकिन पुलिस व परिवार के कुछ लोग आत्महत्या बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस आत्महत्या व हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अब बंगाल में दुर्गा पूजा की धुनुची नृत्य में जुटीं हसीन जहां

 

संबंधित समाचार