VIDEO: Jalaun में BJP का अनुशासन तार-तार, सड़क पर ही लड़ गई महिलाएं, चुटिया पकड़ कर एक दूसरे को पीटा
जालौन में भाजपा नेत्रियों का मारपीट करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।
जालौन के कालपी में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में आई दो नेत्रियों का आपस में विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों ने ही एक दूसरे की चोटी पकड़ कर जमकर पिटाई की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जालौन, अमृत विचार। भाजपा का अनुशासन नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के बाद सड़क पर तार-तार होते हुए देखा गया। यह तब हुआ जब कुठौंद की एक महिला नेत्री का अपने ही क्षेत्र की दूसरी महिला नेत्री से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि एक ने दूसरे की चुटिया पकड़ कर खींच दी।
जालौन : भाजपा की दो नेत्रियों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल। pic.twitter.com/wF7kHOGZNp
— Amrit vichr kanpur (@AmritVichar_knp) October 18, 2023
बस फिर क्या है दोनों में मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद ज्यादातर लोग तमाशबीन बने रहे। कुछेक आगे आए और बीच बचाव कराया। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा। बताया जा रहा है कि इसमें एक भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी बताई जा रहीं है।
मंगलवार को शाम के वक्त एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक महिला दूसरी महिला की चोटी पकड़ कर खींच रही थी, तो वहीं उसके साथ वाली महिला ने उसे पीछे से खींचने का प्रयास किया। इसी दौरान घूंसा, चाटा और चप्पल बरसने लगे। वायरल वीडियो और पार्टी के जिम्मेदार लोगों के मुताबिक भाजपा महिला मोर्चा कुठौंद की अध्यक्ष पूजा शुक्ला और वहीं की पार्टी कार्यकर्ता निधि दुवे के बीच वर्चस्व को लेकर अदावत चली आ रही है।
हालांकि अमृत विचार डॉट कॉम ऐसे किसी घटना क्रम की कोई पुष्टि नहीं करता। वायरल आडियो और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चली चर्चाओं के आधार पर कालपी में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष ने कई महिला कार्यकत्री बुलाई लेकिन उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बावजूद भी वह पहुंच गई। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोनों ही भाजपा नेत्रियों में वादविवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते दोनों महिलाएं आपस में उलझ गई। एक दूसरे की चोटी पकड़ कर खींचने लगी। इसी दौरान पूजा शुक्ला के साथ आई महिलाओं ने निधि दुवे पर घूंसा बरसाना शुरू कर दिए। एक महिला ने उनके कपड़े पकड़कर खींच दिए। इस झगड़े में कुछ लोग बीच बचाव में आए तब जाकर दोनों अलग हुई। इस दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया। इसके बाद उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो जिले में चर्चा की विषय बना हुआ है।
पहले पढ़ा नारी सम्मान का पाठ, फिर महिला को कूटा
भाजपा के नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम कालपी में आयोजित था।इशमें केंद्रीय मंत्री भानुप्रताप वर्मा, पूर्व मंत्री उर्मिला पांडेय समेत जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित समेत कई पदाधिकारी और पूर्व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नारी सम्मान और नारी शक्ति पर व्याख्यान दिया। सरकार की तारीफ की और कहा कि भाजपा में महिलाएं सुरक्षित है और सबसे अधिक सम्मान है। यह कहकर अतिथि कालपी से बाहर भी नहीं निकले थे कि दो महिलाएं आपस में उलझ गई। जब एक महिला दूसरी महिला की चोटी पकड़े थी तभी अपने को बचाने में जुटी महिला के पति ने पीछे से चोटी पकड़े महिला की पिटाई शुरू कर दी। यह सब सड़क पर होते देख लोग कह उठे कि यह कैसा सम्मान?
पूर्व विधायक के कार्यालय पर हुई पंचायत
पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन के कालपी स्थित कार्यालय पर पंचायत हुई। इसमें दोनों महिलाओं ने अपने अपने पक्ष रखे। पार्टी के जिम्मेदारों ने दोनों को बहुत देर तक समझाया। इसके बाद दोनों ही महिलाएं पुलिस को तहरीर न देने पर राजी हुई। बताया जा रहा है कि इस दौरान भाजपा के पदाधिकारियों ने डांट डपट भी लगाई।
दो महिलाओं को लड़ाने के पीछे कौन
भाजपा महिला मोर्चा की दो महिलाओं के बीच आपस में यूं ही झगड़ा नहीं चल रहा है, इसके पीछे भी एक राज बताया जा रहा है। मौजूदा समय में भाजपा के मंडल अध्यक्ष बनाए जाने है। इसी बात को लेकर लोग अपने अपने मोहरे आगे किए हुए है। एक बहुत ही जिम्मेदार पदाधिकारी महिला मोर्चा की पदाधिकारी को आगे किए हुए है। कालपी में भी जब विवाद हुआ तो वह जनाव वहीं पर मौजूद थे, उन्होंने मामला शांत करने की बजाए उसे और सुलगा दिया। कहा तो यह जा रहा है कि वही पदाधिकारी ने पहले अभ्रद भाषा का इस्तेमाल किया।
दोनों ही महिलाओं को बुलाया
भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित का कहना है कि कार्यक्रम तो अच्छे से सम्पन्न हो गया था, बाद में दो महिलाओं के झगड़ने की जानकारी हुई है। मामला क्या है यह पता नहीं है। एक महिला पार्टी की पदाधिकारी है। दोनों को बुलाया है, दोनों की ही बात सुनी जाएगी। शाम को दोनों ही महिलाएं आ रही है।
समाजवादी पार्टी पेज से भी वीडियो ट्वीट की
समाजवादी पार्टी पेज से एक्स पर कालपी में भिड़ी भाजपा महिला कार्यकार्त व पदाधिकारी के वीडियो को वायरल किया गया। पेज पर लिखा गया कि भाजपाईयों में फिर लठ्ठम लठ्ठा, हुई बाल नोचो प्रतियोगिता। आखरी लाइन में लिखा है कि प्रदेश में शांति स्थापित करने के लिएमुख्यमंत्री अपने नेताओं को अनुशासन में रखना सिखाएं।
