Kanpur News: प्रवर्तन दस्ते का कमांडर ही निकला भेदिया… छापेमारी की सूचनाएं करता था लीक, बर्खास्त किया गया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में प्रवर्तन दस्ते का कमांडर बर्खास्त किया गया।

कानपुर में प्रवर्तन दस्ते का कमांडर बर्खास्त किया गया। प्रतिबंधित पॉलीथिन से लदे वाहन निकलवाता था। इसके साथ ही छापेमारी की सूननाएं भी लीक करता था।

कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम के प्रवर्तन दल की मुखबिरी करने वाले स्क्वॉयड कमांडर को नगर आयुक्त ने बर्खास्त कर दिया। संविदा पर तैनात पूर्व सैनिक राजेश कुमार गुप्ता प्रतिबंधित पॉलिथिन के ट्रकों पास कराने के लिए छापे और कार्रवाई की सूचनाएं लीक करता था। नगर आयुक्त ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं।

नगर निगम प्रवर्तन दल सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। इसके चलते शहर से अधिकतर प्लास्टिक फैक्ट्रियां दूसरे जिलों में स्थानांतरित हो चुकी हैं। लेकिन प्रवर्तन दल में संविदा पर तैनात पूर्व सैनिक सिंगल यूज प्लास्टिक बनाने वाली फैक्ट्रियों का एजेंट बनकर काम कर रहा था।

नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि बर्खास्त कमांडर प्रवर्तन दल के अभियान का समय और लोकेशन की गोपनीय सूचना लीक कर देता था। इस कारण अक्सर सटीक सूचना के बाद भी टीम रात में जब गाड़ियां पकड़ने निकलती थी, तो हाथ कुछ नहीं लगता था। प्रवर्तन दस्ते का भेद देने वाले राजेश कुमार गुप्ता को बर्खास्त कर प्रवर्तन प्रभारी कर्नल आलोक नरायण को पुलिस में उसकी शिकायत करने के निर्देश दिए गए हैं।

बर्खास्तगी के बाद भी घूम रहा वर्दी में
 
प्रवर्तन प्रभारी ने बताया कि बर्खास्तगी के बाद भी पूर्व सैनिक के प्रवर्तन दल की वर्दी में घूमने का जानकारी मिली है। अभी तक उसने नगर निगम से जारी परिचय पत्र भी नहीं लौटाया है।

संबंधित समाचार