लखनऊ : कल से शुरू हो रहा नौ दिवसीय श्री रामार्चन महायज्ञ, आयोजन समिति ने भक्तों से की यह बड़ी अपील..
लखनऊ, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण कार्य अयोध्या धाम में तेजी से हो रहा है। वहीं लखनऊ में प्रभु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण का काम जनवरी 2024 में पूरा होने पर खुशी में आनंद उत्सव मनाया जा रहा है। जिसके लिए बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मन्दिर प्रांगण में नौ दिवसीय श्री रामार्चन महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें आज ध्वज स्थापना पूजन वैदिक मंत्रोचारण के साथ एमएलसी मुकेश शर्मा ने किया है।
इस आयोजन में साधु संतों, केंद्रीय मंत्रियों समेत यूपी के कई मंत्री शिरकत करेंगे। आयोजन समिति ने प्रभु श्री राम भक्तों को श्री रामार्चन महायज्ञ एवं श्रीराम कथा के आयोजन में शामिल होने की अपील की है। बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मन्दिर प्रांगण में नौ दिवसीय श्री रामार्चन महायज्ञ एवं श्रीराम कथा के आयोजन की तैयारी जोरों पर है। श्रीराम कथा के लिए बन रहे विशाल टेंट लगाया जा रहा है।
महायज्ञ के लिए यज्ञशाला पर भव्य दिव्य मंडप बनकर तैयार हो गया है, श्री खाटू श्याम मन्दिर में आने वाले दर्शनार्थी यज्ञशाला के मंडप को सेल्फी प्वाइंट की तरह यूज रहे हैं। श्री रामार्चन महायज्ञ एवं श्रीराम कथा आयोजक एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. एसएस शर्मा ने बताया कि एमएलसी मुकेश शर्मा ध्वज स्थापना कर आयोजन का शंखनाद कर दिया है।
श्री रामार्चन महायज्ञ एवं श्रीराम कथा आयोजन 20 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक होगा। जिसमे मंगल कलश यात्रा 20 अक्टूबर को सुबह 11 बजे हनुमान सेतु मन्दिर से शुरू होकर श्री खाटू श्याम मन्दिर के प्रांगण में संपूर्ण होगी जिसके बाद श्रीराम कथा के पाठ का शुभारंभ स्वामी अमरेश्वरानंद महराज जी के श्रीमुख किया जाएगा। श्रीराम कथा का पाठ 28 अक्टूबर तक रोज शाम 5 बजे से रात 8 बजे होगा।
यज्ञ का भी आयोजन 28 अक्टूबर तक रोज सुबह 6 बजे से आचार्यों के जरिए विष्णु सहस्त्रनाम पाठ व श्री रामचरित्र मानस नवान्ह पारायण पंचाक्षर मंत्र जप उसके बाद हवन किया जाएगा। जिसके बाद सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक श्री रामार्चन महायज्ञ होगा। 29 अक्टूबर को सुबह 10 बजे यज्ञ पूर्णाहुति होगी उसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन प्रभु श्री राम इच्छा तक किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज: बंद कमरे में मिला प्रतियोगी छात्र का शव, इस हालत में डेडबॉडी देखकर पुलिस के उड़े होश!
