बरेली: कोहरे की दस्तक से पहले ट्रेनें एंटी फॉग डिवाइस से होंगी लैस
इज्जतनगर मंडल को मिलेंगी 200 एंटी फॉग डिवाइस
बरेली, अमृत विचार। कोहरे के दौरान ट्रेनों के आवागमन में कोई बाधा नहीं आएगी। 1 नवंबर से ट्रेनें एंटी फॉग डिवाइस से लैस हो जाएंगी। इज्जतनगर मंडल को करीब 200 एंटी फॉग डिवाइस उपलब्ध कराई जाएंगी, जो ट्रेनों के लोको पायलटों को दी जाएंगी। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय से भी ट्रेनों में एंटी फॉग डिवाइस का इस्तेमाल करने और सिग्नल देने से पहले दृश्यता की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेल अधिकारियों के अनुसार मुख्यालय से पर्याप्त मात्रा में पटाखा सिग्नल और एंटी फॉग डिवाइस की व्यवस्था की जा रही है, जो ट्रेन संचालन के दौरान सिग्नल बताने में लोको पायलट की मदद करेंगी। इज्जतनगर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि कोहरे में सिग्नल पता चले, इसके लिए सिग्नल बोर्ड, फॉग सिग्नल पोस्ट, व्यस्त समपार एवं लिफ्टिंग बैरियर पर पीले एवं काले ल्यूमिस स्ट्रिप की व्यवस्था कराई जा रही है।
स्पष्ट विजिबिलिटी के लिए इनकी पेंटिंग कराई जा रही है। लोको पायलटों को निर्देशित किया गया है कि ट्रेन को नियंत्रित गति के साथ चलाएं। समपारों को लगातार सीटी बजाते हुए पार करें।
रेल अधिकारी करेंगे निरीक्षण
मुख्यालय से अधिकारियों को निर्देश हैं कि कोहरे के मौसम में नियमित अंतराल पर संरक्षा अभियान, फुट प्लेटिंग, औचक और रात्रि निरीक्षण करने के साथ कर्मचारियों की काउंसलिंग कर उन्हें चौकसी बरतने को कहें। वहीं, कोहरे के मौसम में काम करने वाले सिग्नल मैन को प्रशिक्षित किया जा रहा है। स्टेशन मास्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ट्रेन को लाइन क्लीयर देने से पहले विजिबिलिटी की जांच जरूर करें।
यह भी पढ़ें- बरेली: नवरात्र में मां के भक्तों पर 'महंगाई की मार'! बाजार में जेब हो रही ढीली
