बरेली: पंकज ने दिखाया कमाल...कबाड़ के सामान से बनाई इलेक्ट्रिक बाइक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महिपाल गंगवार, बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज के पॉलीटेक्निक संस्थान से इलेक्ट्रानिक कम्यूनिकेशन की पढ़ाई कर चुके आजाद नगर कॉलोनी, बारादरी निवासी पंकज ने कबाड़ के सामान से ऐसी इलेक्ट्रिक बाइक बनाई है। जो एक बार चार्ज करने पर 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से 80 किलोमीटर तक चलेगी। इसे तैयार करने में 40 दिन लगे और 60 हजार रुपये का खर्च आया है।

पंकज बताते हैं एक कबाड़ी से सात हजार रुपये में 13 साल पुरानी बाइक के स्क्रैप से इलेक्ट्रिक बाइक तैयार की है। बाइक डिजाइन से लेकर उसमें मोटर, बैटरी, हब मीटर समेत सभी पार्ट्स खुद फिट किए हैं। सिर्फ डेंटिंग- पेंटिंग में कारीगर की मदद ली। बाइक में लगा इंजन हटाकर 60 वोल्ट की बैट्री लगाने में दिक्कत आ रही थी, क्योंकि जगह कम थी, मगर पांच बैट्रियां 12-12 वोल्ट की लगाकर ट्रायल किया तो पहली बार में ही सफलता मिल गई।

सोलर पैनल लगाते समय आया विचार
पंकज ने बताया कि वह घरों में सोलर पैनल इंस्टाल करते हैं। कुछ दिन पहले सोलर पैनल खराब होने पर एक होटल में उसे ठीक करते समय अचानक इलेक्ट्रिक बाइक बनाने का विचार आया। कंडम वाहन का स्क्रैप जुटाकर बाइक बनानी शुरू की। सबसे पहले दिल्ली से बाइक के लिए दो हजार वोल्ट की मोटर मंगाई। बाइक एक बार बैटरी फुल चार्ज होने पर 80 किमी चल रही है। बैट्री फुल चार्ज करने में पांच घंटे का समय लगता है।

सामान्य बाइकों की तरह लुक, अब इलेक्ट्रिक कार है लक्ष्य
इलेक्ट्रिक बाइक का लुक सामान्य बाइक की तरह है। नीचे इंजन हटा दिया और उसकी जगह बैटरी लगा दी और उसका कनेक्शन डायरेक्ट कर दिया। पंकज कहते हैं कि अब आगे उनका लक्ष्य इलेक्ट्रिक कार के निर्माण का है। उनका मानना है कि पुरानी गाड़ियों को इलेक्ट्रॉनिक वाहन में बदला जाए तो स्क्रैप की टेंशन खत्म हो जाएगी। इससे प्रदूषण पर रोक लगेगी और पेट्रोल पर निर्भरता भी खत्म हो जाएगी।

पुराने नंबर पर दौड़ेगी बाइक
पंकज ने बताया कि बाइक तैयार होने पर कुछ दिन पहने उन्होंने आरटीओ कार्यालय जाकर अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि जिस पुरानी बाइक से इलेक्ट्रिक बाइक तैयार की गई है। उसी के नंबर पर यह बाइक चलेगी। इसके लिए अलग से पंजीकरण की जरूरत नहीं होगी।

ये भी पढे़ं- बरेली: बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, मचा कोहराम

 

संबंधित समाचार