बरेली: निवेशकों को नहीं मिल रही जमीन, फंसा 2500 करोड़ का निवेश
बरेली, अमृत विचार। उद्योग स्थापित करने के लिए बड़े निवेशकों को जमीन नहीं मिल रही है। जिला प्रशासन के समक्ष निवेशक कई बार जमीन दिलवाने की मांग रख चुके हैं। यूपी इन्वेस्टर समिट होने के सात माह के बाद भी जमीन न मिलने से बरेली में 2500 करोड़ से अधिक का निवेश भी फंस गया है।
इससे जहां ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी पर असर पड़ रहा है, वहीं हजारों लोगों को भी रोजगार से वंचित रहना पड़ रहा है। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों और उद्योग मित्र को निवेशकों की दिक्कतें दूर करने के निर्देश दिए हैं।
कमिश्नर सौम्या अग्रवाल और संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेशर शुक्ला की ओर से विभागों को जारी की गयी सूची के अनुसार मैक्स विलिस ग्रुप के अजय शर्मा इकाई लगाने के लिए 1500 करोड़ का निवेश करेंगे। उन्होंने एयरफोर्स स्टेशन के पास भूमि चिह्नित की है। जबकि एयरफोर्स स्टेशन की चाहरदीवारी से 900 मीटर तक निर्माण प्रतिबंधित है। इस संबंध में अगस्त में तत्कालीन जिलाधिकारी की ओर से अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त को भी पत्र लिखा गया है।
7 अक्टूबर को कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई बैठक में बीडीए ने बताया था कि निवेशक बैठक में नहीं आए। वह सहारा ग्रुप की जमीन क्रय करने की बात कह रहे थे। अभी तक भूमि क्रय नहीं की गई है। रिजन्सी हॉस्पिटल के अतुल कपूर 250 करोड़ का निवेश करेंगे। इन्हें भी भूमि की जरूरत है। वाडीलाल के सुधीर एम व्यास 220 करोड़ रुपये का निवेश करने के लिए परसाखेड़ा औद्योगिक आस्थान के आसपास ही भूमि देख रहे हैं। उन्हें निजी भूमि क्रय करना है। परसाखेड़ा के 10 किलोमीटर के दायरे में भूमि चाहिए।
रिलायंस इंडस्ट्री के आरके यादव व राजेश मोहन 135 करोड़ के निवेश के लिए तैयार हैं। उन्हें भी जमीन चाहिए। फरीदपुर में 25 अगस्त को भूमि प्रशासन की ओर से दिखाई गई थी। रुहेलखंड फाइब्रोमैक्स के दिनेश गाेयल 125 करोड़ का निवेश करने के लिए तैयार हैं लेकिन रास्ते की चौड़ाई 9 मीटर से कम होने के कारण अग्निशमन विभाग की एनओसी नहीं मिल रही है।
फ्यूचर यूनिवर्सिटी के मुकेश कुमार गुप्ता 77.34 करोड़ के निवेश के लिए जमीन देख रहे हैं। जो जमीन चाहिए, वह नगर पालिका के अंतर्गत है। भूमि विनिमय से संबंधित फाइल फरीदपुर तहसील में लंबित है। इनके साथ आरएमएस हाेटल एंड रिजार्ट के विस्तारीकरण के लिए मेहताब सिद्दीकी 100 करोड़ रुपये निवेश करने के लिए तैयार हैं। उन्हें रेडिसन के बगल की सरकारी जमीन चाहिए लेकिन जिला प्रशासन अभी तक उन्हें जमीन उपलब्ध नहीं करा सका है। इस संबंध में शासन स्तर से लगातार जिले के अफसरों के पास भी पत्र आ रहे हैं।
ग्राउंड ब्रेकिंग के लिए 419 एमओयू तैयार, 32 हजार 226 करोड़ का निवेश
बरेली मंडल से ग्राउंड ब्रेकिंग के लिए 419 निवेशक तैयार किए गए हैं। सभी निवेशक 32 हजार 226 करोड़ 86 लाख रुपये निवेश करेंगे। इसमें बरेली जनपद के 237 निवेशक और निवेश 29 हजार 215 करोड़ 1 लाख, बदायूं के 36 निवेशक और निवेश 235 करोड़ 50 लाख, पीलीभीत के 66 निवेशक और 980 करोड़ 90 लाख निवेश, शाहजहांपुर के 80 निवेशक और निवेश 1795 करोड़ 36 लाख रुपये का है। ग्राउंड ब्रेकिंग के लिए तैयार निवेशकों से लगातार संपर्क बनाए रखने के लिए उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: चेन लूटने में हुए नाकाम तो रॉड से हमला कर कंधे की हड्डी तोड़ी, रिपोर्ट दर्ज
