दक्षिण अफ्रीका से मिली शर्मनाक हार के बाद बटलर ने कहा- इंग्लैंड के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना बहुत मुश्किल
मुंबई। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से मिली 229 रन की शर्मनाक हार के बाद कहा कि मौजूदा चैंपियन टीम के लिए विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाना काफी मुश्किल हो गया है।
दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी विश्व कप मैच में सात विकेट पर 399 रन बनाने के बाद इंग्लैंड की पारी को 170 रन पर समेट दिया। बटलर ने मैच बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘यह ऐसी हार है जिसे पचा पाना मुश्किल है। जाहिर है, हम दिल्ली में (अफगानिस्तान से हार) निराश थे और हमारे पास कुछ अच्छे दिन थे।
हमने वास्तव में कड़ी मेहनत की और आज चीजों के ठीक होने की उम्मीद थी लेकिन यह हो न सका।’ बटलर ने वनडे में इंग्लैंड की अब तक की सबसे बड़ी हार के बाद कहा, ‘यह (सेमीफाइनल में पहुंचना) अविश्वसनीय रूप से कठिन होने वाला है। हम आने वाले मैचों को कोई कसर नहीं छोड़ेगे। हम उम्मीद बनाए रखेंगे।’ बटलर ने कहा, ‘निश्चित रूप से हम मुश्किल परिस्थिति में है। यहां से अब गलती की कोई गुंजाइश नहीं है। यह अविश्वसनीय रूप से कठिन होने वाला है, लेकिन एकजुटता के साथ फिर से आगे बढ़ेंगे।’
ये भी पढे़ं- World Cup 2023 : दक्षिण अफ्रीका ने दर्ज की इस विश्व कप की सबसे बड़ी जीत, इंग्लैंड को 229 रनों से दी शिकस्त
