Kanpur News: अमृत विचार की खबर का असर, नए टर्मिनल से हाईवे पर ढाई किमी घूमकर ही आना होगा, पढ़ें- मामला
कानपुर में अमृत विचार की खबर का असर हुआ।
कानपुर में अमृत विचार की खबर का असर हुआ। नए टर्मिनल से हाईवे पर ढाई किमी घूमकर ही आना होगा। इसके साथ ही दिशा संकेतक लगने के साथ ही स्पीडब्रेकर भी बनेंगे।
कानपुर, अमृत विचार। एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से शहर आने का सुगम रास्ता तलाशने चकेरी पहुंची एनएचएआई, ट्रैफिक व पीडब्ल्यूडी की टीम शनिवार को बिना किसी नतीजे के लौट आई। टीम ने टर्मिनल के मोड़ से फतेहपुर हाईवे और सर्विस लेन की गलत दिशा का निरीक्षण किया। लेकिन कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं मिलने पर हाईवे पर साइनेज बोर्ड व स्पीड ब्रेकर बनाने का सुझाव दिया। इस कवायद से साफ है कि नए टर्मिनल से यात्रियों को शहर आने के लिए हाईवे पर फतेहपुर की ओर ढाई किमी सफर करके यूटर्न का ही प्रयोग करना पड़ेगा।
नए टर्मिनल से शहर आने का कोई सुगम मार्ग नहीं बनाए जाने से यात्रियों को हो रही परेशानी का समाचार ‘अमृत विचार’ ने शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसी के बाद अधिकारियों की टीम टर्मिनल के मोड़ से वैकल्पिक मार्ग खोजने पहुंची। मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इस समस्या के समाधान के लिए डीसीपी ट्रैफिक की अध्यक्षता में एनएचएआई, एआरटीओ, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी, मोटर एसोसिएशन व रेडक्रॉस की टीम गठित की थी।
निरीक्षण के बाद एडीसीपी ट्रैफिक अंकिता शर्मा ने बताया कि यात्रियों को शहर में प्रवेश करने के लिए ढाई किमी दूर फतेहपुर हाईवे से ही यूटर्न लेना होगा। हाईवे पर हादसों की रोकथाम के लिए साइनेज लगाकर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे। फतेहपुर हाईवे के अंडरपास से यूटर्न लेकर शहर आने वाले यात्री रामादेवी फ्लाईओवर पर न चढ़ें, इसके लिए फ्लाईओवर से 500 मीटर पहले दिशा संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे।
