Durga Ashtami: दुर्गाष्टमी पर सुबह से ही मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ में शारदीय नवरात्रि की अष्टमी पर देवी मंदिरों में मां के दर्शन- पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। आज के दिन भक्तों ने मां दुर्गा के आठवें स्परूप महागौरी की पूजा-अर्चना की।
राजधानी के चौक स्थित काली माता मंदिर, मां चंद्रिका देवी मंदिर, शीतला माता मंदिर, संतोषी माता मंदिर समेत अन्य मंदिरों में सुबह से ही मां के आर्शीवाद पाने के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारे लग गईं। हाथों में पूजा की थाल और मन में मां के प्रति अगाध आस्था लिये भक्त जय माता की के उद्घोष के साथ मंदिरों में घंटे-घड़ियाल बजाते रहे।
पंडित आशीष पाण्डेय ने बताया कि शारदीय नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की पूजा की जाती है। माता भगवान शिव की पत्नी हैं और भगवान गणेश की माता हैं। मां महागौरी महाशक्ति के रूप में विराजमान है। मां सौभाग्य देने वाली हैं। इसलिए आज के दिन मां के पूजन का अलग ही महत्व है। महिलायें आज के दिन मां को श्रृंगार का दान कर विशेष आर्शीवाद प्राप्त कर सकती है।
उन्होंने बताया कि मां महागौरी की सात्विक और तांत्रिक दोनों प्रकार की पूजा होती है। यही वजह है कि आज रात महानिश की पूजा भी होती है। शारदीय नवरात्रि में इस पूजा का विशेष महात्व है। तंत्र साधन के लिए यह पूजा की जाती है और नवमी के दिन सिद्धदात्री माता की पूजा कर सिद्धी प्राप्त की जाती है। इस पूजा का वर्णन दुर्गा सप्तशी के द्वादश अध्याय में भी है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : केजीएमयू के चार हजार कर्मचारियों को अभी तक नहीं मिला वेतन
