मुरादाबद : चेक देने के बहाने कारोबारी घर में घुसे बदमाश तमंचा दिखाकर 65,000 की नकदी, जेवर लूटे
कोतवाली थाना क्षेत्र में दो बदमाशों ने पीतल कारोबारी को बनाया निशाना
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में लूट का मामला सामने आया है। यहां दिन दिनदहाड़े घर में घुसकर तमंचे के बल पर दो बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। जिससे इलाके में लोगों में दहशत का माहौल है। उधर, पुलिस लुटेरों को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में ठठेरा मोहल्ला निवासी पीतल कारोबारी नावेद अली ने बताया कि रविवार को उनकी पत्नी घर पर अकेली थी। शाम करीब 4.45 बजे पर दो युवकों ने घर के दरवाजे की घंटी बजाई और कहा कि आपका चेक आया है। जैसे ही उनकी पत्नी ने घर का दरवाजा खोला तो नकाब लगाए दोनों युवकों ने उन्हें जोर से धक्का देकर गिरा दिया। बदमाशों ने घर में महिला और टयूशन पड़ने आई बच्ची के सिर पर तमंचा रखा और घर से करीब 65 हजार की नगदी, हार, झूमके, बाली, अंगूठी समेत अन्य जेवरात उठा लिया।
जिसके बाद दोनों बदमाशों ने महिला के सिर पर तमंचे से वार किया और धक्का देकर दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गए। जिसके बाद डरी सहमी महिला ने किसी तरह घटना की जानकारी पति को दी। जिस पर नाबेद जल्दी घर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। थाना प्रभारी ऊषा मालिक ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से जांच चल रही है। जल्द घटना का खुलासा कर लुटेरों को गिरफ्त में लिया जाएगा।
कूमल लगाकर नकदी समेत लाखों की चोरी
मुरादाबाद, अमृत विचार: थाना मूंढापांडे क्षेत्र के गांव सिहोराबाजे चौराहे पर अज्ञात चोरों ने कपड़े की दुकान में कूमल लगाकर 50,000 की नकदी समेत लाखों रुपये का सामान साफ कर दिया। सुबह दुकान खोलने पर दुकान स्वामी के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। जिसके बाद उसने मूंढापांडे में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। थाना क्षेत्र में सिहोराबाजे निवासी परवेज अली ने बताया कि उसकी कपड़े की दुकान चौराहे पर एमएस स्कूल के ठीक सामने हैं। जिसमें 21 अक्टूबर की रात चोर कूमल लगाकर घुस गए। वह जब शुक्रवार को दुकान का ताला खोलकर अंदर आया तो देखा कि दुकान में कूमल लगा है और दुकान से 50,000 रुपये की नकदी, 35,000 रुपये के जेवर व अन्य कीमती कपड़ा चोरी हो गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी के मदद से चोरों की तलाश तेज कर दी है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : दहेज में पांच लाख व कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, 11 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
