राजस्थान: भाजपा विधायक को चुनाव लड़ने पर जान से मारने की धमकी, कहा- कार्यालय में तोड़फोड़...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

जयपुर। चित्तौड़गढ़ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने मंगलवार को चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा की। पार्टी ने इस सीट से नरपत सिंह राजवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। आक्या ने मंगलवार को अपने समर्थकों की एक बैठक में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह चित्तौड़गढ़ सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। 

यह भी पढ़ें- पैसे से चुनाव जीतने की बात करने वाले भाजपा नेताओं पर हो कार्रवाई: कांग्रेस 

साथ ही विधायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि फोन कॉल कर अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। बैठक के बाद आक्या ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं दो नवंबर को नामांकन दाखिल करूंगा। मैं चुनाव नहीं लड़ रहा हूं, कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ना है। 26 अक्टूबर को चुनाव कार्यालय का उद्घाटन होगा।’’ 

आक्या द्वारा चुनाव लड़ने की घोषणा से पहले सोमवार रात को उन्हें फोन कॉल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने चुनाव लड़ने पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने इस संबंध में चित्तौड़गढ़ सदर थाने में शिकायत दी है। चित्तौड़गढ़ सदर के थानाधिकारी भवानी सिंह ने कहा, ‘‘विधायक ने शिकायत की है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें अलग-अलग नंबरों से फोन किया और जान से मारने और उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की धमकी दी है। 

मामले की जांच की जा रही है।’’ आक्या के समर्थक भाजपा की दूसरी सूची जारी होने के बाद से विरोध कर रहे हैं। सूची में पार्टी ने आक्या को चित्तौड़गढ़ से टिकट नहीं दिया और पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत के दामाद नरपत सिंह राजवी को मैदान में उतारा है, जो जयपुर की विद्याधर नगर सीट से मौजूदा विधायक हैं।

आक्या ने 2013 और 2018 में चित्तौड़गढ़ से चुनाव लड़ा था और जीत भी हासिल की थी। उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ से सांसद सी.पी. जोशी पर उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के लिये टिकट से वंचित करने का आरोप लगाया है। राज्य में विधानसभा चुनाव 25 नवंबर को होने हैं। 

यह भी पढ़ें- SYL मुद्दे पर राज्य के लोगों को गुमराह कर रही आप सरकार: सिद्धू 

संबंधित समाचार