बरेली: एलायंस बिल्डर्स ने दो महीने बाद भी नहीं बताया अपनी आय का स्रोत, डीएम कोर्ट ने दी मोहलत
डीएम कोर्ट ने अब 26 अक्टूबर तक जानकारी उपलब्ध कराने की मोहलत दी
बरेली, अमृत विचार। जमीन की अवैध खरीदफरोख्त और सरकारी जमीनों पर कब्जे के मामले में फंसे एलायंस बिल्डर्स के बिल्डरों ने दो महीने बाद भी अपनी संपत्ति और आय के स्रोतों के बारे में जानकारी नहीं दी है। डीएम ने अब दोबारा 26 अक्टूबर तक का समय दिया है। उन्होंने इस बारे में एसडीएम सदर को पत्र जारी किया है।
एलायंस बिल्डर ग्रुप के रमनदीप सिंह और उनके कई सहयोगियों पर सरकारी जमीनों की खरीद-फरोख्त के साथ कई संगीन मामले में दर्ज हैं। जिला प्रशासन उनकी तमाम संपत्तियां जब्त कर चुका है। डीएम कोर्ट की ओर से 21 अगस्त को एलायंस बिल्डर्स के रमनदीप, अमनदीप, रितु अरोरा, रिया सिंह, जागृति भाटिया आदि लोगाें को अपनी संपत्ति के स्वामित्व, मूल्यांकन और आय के स्रोत की जानकारी देने का आदेश दिया था लेकिन इनमें से किसी ने अब तक कोई जानकारी नहीं दी है।
अब डीएम रविंद्र कुमार की ओर से एसडीएम सदर को फिर पत्र जारी किया है जिसमें 26 अक्टूबर तक तीनों बिंदुओं पर जानकारी देने का आदेश दिया गया है। डीएम का आदेश मिलने के बाद एसडीएम सदर की ओर से रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली: दशहरा मेले का हुआ आयोजन, महिला सशक्तिकरण की जागरूकता के लिए लगाया पिंक बूथ
