बहराइच: ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप वाहन में जोरदार भिड़ंत, चालक समेत दो की मौत
किशोर समेत आठ घायल, जिला अस्पताल पहुंचे एसपी ने जाना हाल
बहराइच, अमृत विचार। लखनऊ बहराइच मार्ग पर मंगलवार रात को पिकअप वाहन में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। यहां एक और घायल की मौत हो गई। आठ घायलों का इलाज चल रहा है।
फखरपुर थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव के लोग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए मंगलवार को डीजे की बुकिंग के लिए गए थे। रात नौ बजे सभी डीजे लेकर पिकअप वाहन से आ रहे थे। लखनऊ बहराइच मार्ग पर गांव से कुछ दूरी पर ट्रैक्टर ट्राली और पिक अप में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक अल्ताफ पुत्र मानू उर्फ रहमान की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में नरेंद्र (17) पुत्र अंबर, मिथलेश (18) पुत्र राम मूरत, नैमिश कुमार (2) पुत्र जयंकर यादव, राम निवास (37) पुत्र राजित राम, शिव कुमार (15) पुत्र भरत, विशाल (13) पुत्र राम राज, नीरज पुत्र राकेश, शिवम पुत्र राम राज को भर्ती कर डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया।
इलाज शुरू होते ही मिथिलेश की भी मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलने पर एसपी प्रशांत वर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर अंकित त्रिपाठी ने बताया कि घायलों का इलाज किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ: कांग्रेस के खिलाफ पैदा हुई सपा, आज उसी की गोद में बैठ गई - दयाशंकर सिंह
