प्रतापगढ़ पुलिस से मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, दो बदमाश फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालगंज /प्रतापगढ़, अमृत विचार। विभिन्न जनपदों में लूट समेत दो दर्जन से अधिक आपराधिक घटनाओं में आरोपित हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जिसमें आरोपित के साथ ही एक दरोगा और दो सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया।

उदयपुर थाना क्षेत्र के बाबागांव पट्टी कचेहरा निवासी सोनू उर्फ शिवसागर सिंह पर सांगीपुर, अमेठी, प्रयागराज, कानपुर देहात में 28 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर लूट के हैं। गैंगस्टर के एक मामले में वर्ष 2009 से फरार होने के कारण केस में कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। 

मंगलवार रात गश्त के दौरान एसओ निकेत भरद्वाजज, सिपाही गिरजाशंकर व आबिद खान को सोनू के आने की सूचना मिली। थाने से फोर्स बुलाने के बाद एसओ कटरिया नहर पुलिया पर पहुंचे और बाइक सवार तीन लोगों को रोकने का प्रयास किया तो वे फायर करने लगे। पुलिस की ओर से तीन फायर करने पर बाइक सवार गिर गए। इस दौरान पुलिस ने सोनू को पकड़ लिया जबकि दो भाग निकले। पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

मुठभेड़ में एसआई दिनेश कुमार, कांस्टेबल राहुल प्रताप व कृष्ण कुमार घायल हो गए, उनका मेडिकल कराया गया। एसओ निकेत भरद्वाज ने बताया कि सोनू के साथ मौजूद रॉकी निवासी अंशू उर्फ अंशुमान और उसका दोस्त भाग निकले। उनकी तलाश को दबिश दी जा रही है।

ये भी पढ़ें -अयोध्या : PM मोदी से मिले राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी, प्रधानमंत्री ने कही ये बड़ी बात

संबंधित समाचार