मुरादाबाद : फल विक्रेता की हत्या, मंडी गेट पर शव रखकर परिजनों ने किया हंगामा
मंडी समिति के सामने जाम लगा रहे लोगों को समझाते सीओ सिविल लाइन्स अर्पित कपूर व अन्य।
मुरादाबाद, अमृत विचार। लाइनपार के रहने वाले फल विक्रेता जोनू को अगवा कर मारा-पीटा और फिर धारदार हथियार से उसका गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपियों ने मझोला थाने के सामने डीपीएस स्कूल के पास जंगल में उसका शव फेंक दिया। बुधवार को शव मिलने पर परिजन भड़क गए। उन्होंने मंडी गेट पर शव रखकर हंगामा किया। इस मामले में पिता-पुत्र समेत सात लोग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें मृतक के मोहल्ले के डेयरी संचालक हरिराज और उसके तीन बेटे नामजद किए गए हैं।
मझोला थाना क्षेत्र में चामुंडा मंदिर के पास लाइनपार में सुरेश का परिवार रहता है। उनके पुत्र सोनू, मोनू और जोनू (20) हैं। जोनू तीन भाइयों में सबसे छोटा का था। परिजनों ने बताया कि जोनू को मंगलवार को कुछ लोगों ने जोनू को अगवा कर लिया था। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई। रिश्तेदारी और मित्रों से भी जानकारी ली थी। बुधवार को उसका शव घर से कई किलोमीटर दूर मिला। जानकारी मिलने पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने शव की पहचान जोनू के रूप में की। पोस्टमार्टम के बाद शव उठाकर परिजन लाइनपार में मंडी समिति गेट पर पहुंचे और यहां उन्होंने शव रखकर जाम लगा दिया। परिवार और मोहल्ले के लोगों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइन्स अर्पित कपूर, सीओ कोतवाली देश दीप सिंह समेत कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान आरोप लगाया कि पुलिस में शिकायत दर्ज करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। हत्या के कई घंटे के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। परिजनों के प्रदर्शन के दौरान मंडी समिति गेट के सामने के रास्ते पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
मृतक के फुफेरे भाई राहुल सैनी ने बताया कि जोनू को मंगलवार दोपहर दो बजे कुछ लोगों ने बुध बाजार में सुपर मार्केट से अगवा किया था। पहले आरोपियों ने उसे मारा पीटा। राहुल ने बताया कि जब वह देर शाम काम से लौट कर घर आया था तो उसे जोनू के अगवा होने के बारे में पता चला। 16 साल पहले जोनू के माता-पिता की मौत हो चुकी है। तब से वह अपने ननिहाल में रहकर फल बेचता था। राहुल ने बताया कि जोनू का गला कटा हुआ है। बताया कि कुछ दिन पहले जोनू का विवाद मोहल्ले के नामजद आरोपियों से हुआ था। आरोप है कि जोनू को अगवा कर उसकी हत्या करने वालों में डेयरी संचालक हरिराज और उसके बेटे सचिन, अर्जुन व विपिन शामिल हैं। इनके अलावा मोहल्ले के ही जतिन, मुकेश व एक अन्य व्यक्ति को भी नामजद है। उधर, इस मामले में बुधवार देर शाम तक पुलिस एक भी नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी।
चार दिन पहले भी मारा पीटा था, नहीं हुई कार्रवाई
राहुल सैनी ने बताया कि चार दिन पहले भी डेयरी संचालक हरिराज से जोनू का विवाद हुआ था। इस मामले में थाने में तहरीर दी गई थी। मारपीट में घायल जोनू का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया था। लेकिन, पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। राहुल ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद उसने अपने मृतक फुफेरे भाई का अंतिम संस्कार कर दिया है।
युवक की हत्या के मामले में परिजन नाराज थे। इसलिए उन लोगों ने मंडी गेट के सामने उसका शव रखकर जाम लगा दिया था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें समझाया और मार्ग पर यातायात बहाल किया। इस प्रकरण में हत्या के आरोप में मझोला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। - अर्पित कपूर, सीओ सिविल लाइन्स
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : त्योहारी सीजन में मोबाइल पर ठग सक्रिय, लालच में न आएं
