ट्रेन से कटकर अज्ञात ग्रामीण की मौत, बहराइच से मैलानी जाने वाली ट्रेन से कटा ग्रामीण
मटेरा, बहराइच। बहराइच मैलानी रेल प्रखंड पर शुक्रवार सुबह एक ग्रामीण की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने पहचान के लिए जिले के थानों को फोटो भेजी है। बहराइच रेलवे स्टेशन से शुक्रवार सुबह पैसेंजर ट्रेन मैलानी के लिए रवाना हुई। ट्रेन सुबह 8:00 बजे मटेरा रेलवे स्टेशन के पश्चिम रेलवे ट्रैक के पास पहुंची। तभी अगैया गांव के पास एक अज्ञात ग्रामीण की ट्रेन से कटकर मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। मृतक के पास कोई कागजात नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि ट्रेन से कट कर व्यक्ति की मौत हुई है जिसकी उम्र 45 वर्ष के आसपास है। उन्होंने बताया कि अज्ञात मृतक की शिनाख्त के लिए जिले के अन्य थानों को फोटो भेजी गई है।
यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में अनियंत्रित तेज रफ्तार बस पलटी, पांच की हुई मौत, दर्जनों घायल, मचा कोहराम
