रामपुर: आजम खां के कई करीबी आयकर और ईडी के खौफ से हुए अंडरग्राउंड
कई दिन पहले ठेकेदारों की पड़ताल करने रामपुर आए थे आयकर अधिकारी
रामपुर, अमृत विचार। आयकर विभाग के रडार पर आजम खां के कई करीबी आ गए हैं। शहर में कई लोग ईडी और आयकर विभाग के खौफ से अंडर ग्राउंड हो गए हैं। कई दिन पहले ठेकेदारों के कार्यों की पड़ताल करने के लिए आयकर अधिकारी आए थे। सपा शासनकाल में हुए कार्यों का ब्यौरा आयकर विभाग के अधिकारी अपने साथ लखनऊ ले गए थे। इससे पहले आयकर विभाग यूनिवर्सिटी में इमारतों की वेल्युवेशन करा चुका है।
पूर्व मंत्री आजम खां के मंत्रित्व काल में पूरे प्रदेश में रामपुर जनपद में सर्वाधिक विकास कार्य कराए गए थे। नवाब गेट, शाहबाद गेट, बिलासपुर गेट, तोपखाना गेट, बरेली गेट समेत नौ गेट ध्वस्त करा दिए गए थे। जिसमें केवल नवाब गेट, शाहबाद गेट और बाबे निजात का निर्माण कराया गया था।
राहे रजा, राहे मुर्तजा, बाजार अब्दुल्ला गंज और हजरत हाफिज शाह जमालुल्लाह रह. के मजार शरीफ की ओर जाने वाली सड़क को दोहरीकरण कराया गया था। इसके अलावा बापू मॉल बनाया गया और अबुल कलाम आजाद मार्केट का निर्माण हुआ। इसी दौरान यूनिवर्सिटी में इमारतें बनती गईं। सूत्र बताते हैं कि ठेकेदारों के माध्यम से शहर में विकास कार्य कराए गए और उनका पैसा यूनिवर्सिटी की इमारतों में लगता रहा। आयकर विभाग और ईडी के निशाने पर आजम खां के कई करीबी आ गए हैं जिन पर कार्रवाई हो सकती है।
यह भी पढ़ें- रामपुर: खौदकला में गला रेत कर युवक की हत्या, मौके से अधजला मिला शव
