बहराइच: फूस के मकान में आग लगने से वृद्ध झुलसा, हालत गंभीर
बहराइच, अमृत विचार। जिले के अडगोड़वा गांव निवासी एक वृद्ध को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। वृद्ध गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर बयान दर्ज किया है। अभी इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं हुआ। मोतीपुर थाना क्षेत्र के अड़गोडवा गांव निवासी लाला राम (60) पुत्र भगवान दिन घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में रात में सोया था। देर रात को फूस के मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिसमें वृद्ध बुरी तरह से झुलस गया।
आग की लपट देख परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने आग बुझाई। इसके बाद घायल वृद्ध को सीएचसी पहुंचाकर भर्ती कराया। यहां हालत के गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। रात 11.30 बजे घायल को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। जिला अस्पताल में आए झुलसे ग्रामीण के बेटे नंद किशोर ने बताया कि फूस के मकान में आग लगाई गई है। उसका कहना है कि एक अज्ञात व्यक्ति आया था। उसी के बाद आग लगी है।
वहीं अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कोतवाली नगर की पुलिस ने वृद्ध का बयान भी दर्ज किया है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बीड़ी से आग लगी है। खेत में वृद्ध लेटा था। उन्होंने बताया कि किसी ने आग नहीं लगाई है।
एक वर्ष पहले भी लगी थी आग
झुलसे ग्रामीण के पुत्र नंदकिशोर ने बताया कि एक वर्ष पूर्व भी करवा के दिन उसके खेत में लगे पुआल में आग लगा दी गई थी। लेकिन तब पिता जी नहीं थे, जिसके चलते वह बाल बाल बच गए। इस बार किसी ने आग लगाई तो वह चपेट में आ गए। नंदकिशोर ने बताया कि उनके पिता को किसी के द्वारा जान से मारने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: IND vs ENGLAND wc 2023 : शहीद पथ पर ट्रैफिक बंद करेगी पुलिस, वाहनों के रुकने पर भी बैन
