अयोध्या: केनरा बैंक ने एक्सिस बैंक को पांच रन से हराया, अमरनाथ बने मैन ऑफ द मैच
अयोध्या। बैंकर्स प्रीमियर लीग में शनिवार को हुए लीग मुकाबले में केनरा बैंक टीम ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में एक्सिस बैंक टीम को पांच रनों से पराजित किया। मैन ऑफ द मैच बने केनरा बैंक के अमरनाथ को सम्राट हार्डवेयर ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
कैंट स्थित सदर बाजार खेल मैदान पर शनिवार को बीपीएल का मुकाबला केनरा बैंक व एक्सिस बैंक टीमों के बीच खेला गया। केनरा बैंक टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट खोकर 104 रन बनाया। केनरा टीम की ओर से अमरनाथ ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों पर चार छक्के व चार चौके की मदद से 52 बनाया।
एक्सिस बैंक टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए अमित ने दो तथा सचिन सिंह व आदित्य पांडेय ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में जीत के लिए 105 रनों का लक्ष्य लेकर बल्लेबाजी करने उतरी एक्सिस बैंक टीम एक विकेट खोकर निर्धारित ओवरों में 99 रनों पर सिमट गई।
हालांकि एक्सिस बैंक के इमरान आब्दी ने बेहतरीन पारी खेलते हुए तीन छक्के व तीन चौके की सहायता से 30 गेंदों पर 55 रन तथा आदित्य ने दो चौके की मदद से 22 रनों का सहयोग दिया। इस तरह केनरा बैंक ने पांच रन से मैच जीत लिया। इस मौके पर बीपीएल आयोजन अध्यक्ष रवि यादव, अमरवीर, एसएन यादव, मुकेश व धनंजय सहित खेल प्रेमी बैंक कर्मी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: अयोध्या: अवैध खनन को लेकर छापेमारी, एक जेसीबी व ट्रैक्टर ट्रॉली सीज
