बरेली: रोडवेज बस ड्राइवर यात्रियों को बाईपास पर उतार रहे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रात में शहर के अंदर नहीं ला रहे बसें, शिकायत के बाद ड्राइवर और कंडक्टर का काटा वेतन

बरेली, अमृत विचार। परिवहन निगम के बस चालक मनमानी कर यात्रियों को रात में अंधेरे में शहर के बाहर बाईपास पर उतार रहे हैं। वह शहर में अंदर नहीं जा रहे हैं। इससे यात्रियों को खतरा रहता है। यात्रियों की शिकायत मिलने पर पीलीभीत डिपो के ड्राइवर और कंडेक्टर का वेतन काटकर जुर्माना लगाया गया है।

परिवहन निगम के मुख्यालय का आदेश है कि बस चालक शहर के अंदर से बसों को लेकर जाएंगे। इसके बावजूद रोडवेज बसों के चालक बस को डिपो में लाने के स्थान पर बाईपास से ही निकाल कर ले जा रहे हैं। रात के समय यात्रियों को बाईपास पर उतार देने से कोई दूसरा वाहन भी नहीं मिलता है। रामजी रजावत यात्री ने रोडवेज अधिकारियों से शिकायत की कि उन्होंने बरेली से मुरादाबाद का टिकट लिया। 

जिसके बाद वह पीलीभीत डिपो की बस से मुरादाबाद के लिए बैठ गए, लेकिन बस के चालक ने मुरादाबाद बाईपास से बस ले जाकर उन्हें मुरादाबाद शहर से 10 किलोमीटर पहले ही उतार दिया। ऐसे में उन्हें अतिरिक्त पैसे खर्च करके मुरादाबाद शहर में जाना पड़ा। शिकायत का संज्ञान लेते हुए आरएम दीपक चौधरी ने पीलीभीत डिपो के एआरएम को पूरे मामले की जांच सौंपी। जांच में सामने आया कि चालक अपनी मनमर्जी से बस को मुरादाबाद बाईपास से ले गया। जबकि बस में मुरादाबाद शहर के कई यात्री बैठे हुए थे। ऐसे में बस के चालक गुरमेज सिंह और परिचालक विजेन्द्र सिंह के वेतन से 500-500 रुपये काटकर भविष्य में दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी दी है।

ये भी पढ़ें- बरेली: सभी मेडिकल कॉलेज में एपीआई करेगा पुस्तकालय बनाने का प्रयास

संबंधित समाचार