बरेली: करवाचौथ के लिए बाजार गुलजार...डिजाइनर प्लेट, छलनी और करवों की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Ashpreet
On

बरेली, अमृत विचार। दो दिन बाद विवाहित महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ व्रत रखेंगी, जिसको देखते हुए बाजार सज गया है। बाजार में खरीदारी के लिए  महिलाओं की भीड़ जमा होना शुरू हो गई है। बाजार में महिलाएं डिजाइनर साड़ियों, करवा, ज्वेलरी और उपहार को प्राथमिकता दे रही हैं।

व्रत को विशेष बनाने के लिए इस बार बाजार में मिट्टी के डिजाइनर करवे भी हैं। इसके साथ ही सामग्री की दुकानें भी जगह-जगह सज गई हैं। वहीं डिजाइनर प्लेट और छलनी की मांग सबसे अधिक है। इस बार फैंसी प्लेट और छलनी में जरी का काम भी हुआ है, जो महिलाओं को खूब भा रहा है। वहीं दुकानदार विकास ने बताया कि इस बार अच्छा मुनाफा होने की संभावना है। 

दरअसल, शहर में कुतुबखाना, संजय नगर, रजेंद्र नगर, मॉडल टाउन और छोटी बिहार समेत तमाम जगहों पर करवा, पूजन सामग्री की दुकानें सज चुकी हैं। शहर में साड़ी की दुकानों पर डिजाइनर साड़ी की डिमांड खूब बढ़ी है। साथ ही गिफ्ट की दुकानों पर भी भीड़ है। वहीं सराफा की दुकानों पर भी महिलाएं खरीदारी को पहुंच रही हैं।

इस बार महिलाएं चांदी का करवा भी खरीद रहीं हैं। जबकि मिट्टी के आकर्षक डिजायनर करवा की दुकानें भी शहर में सड़कों के किनारे सजी हुई हैं और यहां भी महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। महिलाएं करवा खरीदने के साथ ही पूजन सामग्री भी खरीद रही हैं। वहीं करवाचौथ पर शहर के ब्यूटी पार्लरों में भी बुकिंग फुल हैं।

ब्यूटी पार्लर संचालिका रश्मि ने बताया कि त्योहार के सीजन को देखते हुए लोगों की ओर से एडवांस बुकिंग की जा रही है। इसके साथ ही अलग-अलग डिस्काउंट व तमाम ऑफर देकर ग्राहकों को लुभाने की भी कोशिशें जारी है। अधिकांश ब्यूटी पार्लरों में पैकेज तैयार किए गए है। इसके अलावा बाजार में सोलह श्रृंगार के साथ पारंपरिक परिधान के लिए साड़ियों की खरीदारी खूब हो रही है

करवा चौथ पर मंहगाई की मार, फिर भी लोगों की भीड़ अपार
करवा चौथ आते ही मंहगाई की मार शहर वासियों में पड़ रही है। इस बार करवा पर एक-एक पूजन सामग्री के दाम बढ़ गए हैं। इसके बावजूद बाजार में भीड़ लगी हुई है। इस साल फैंसी प्लेट 250 से शुरू होकर 600 रुपए तक, छलनी 50 से 150 रुपए तक, करवा 35-70 रुपए, पोस्टर 5 से 10 रुपए और सिंक 5 से 10 रुपए तक बाजार में मौजूद हैं।

नवरात्रि के बाद से ही करवा चौथ को लेकर बाजार सज गया था। इस बार अच्छा मुनाफा होने की संभावना बनी हुई है। हम घर पर ही छलनी सजाते हैं, जिससे 20 से 25 रुपए का मुनाफा छलनी में मिल जाता है। -प्रशांत, दुकानदार 

इस बार छलनी और प्लेट पर जरी का काम हुआ है, जोकि महिलाओं को काफी पंसद आ रहा है। जिसकी वजह से इसकी मांग बाजार में बढ़ती नजर आ रही है। जोकि बहुत अच्छी बात है। -विकास, दुकानदार

ये भी पढ़ें: बरेली: दीपावली से पहले चमका मिट्टी के दीयों का कारोबार, कुम्हारों को अच्छी आमदनी की उम्मीद

संबंधित समाचार