प्रतापगढ़ में भाजपा नेता की डेंगू से मौत, दवा का छिड़काव न होने से लोगों में आक्रोश
प्रतापगढ़, अमृत विचार। भाजपा नेता की डेंगू की चपेट में आने से मौत हो गयी। मौत से परिजन बेहाल हैं। वहीं लगातार डेंगू के मरीज बढ़ने के बाद भी एंटी लार्वा समेत किसी प्रकार का छिड़काव न होने से लोग आक्रोशित हैं। मानधाता के हरखपुर गांव निवासी भाजपा नेता निरंजन सिंह (42) तीन दिन से बुखार से पीड़ित थे। घर के पास ही निजी चिकित्सक से इलाज करा रहे थे। जांच कराने पर रिपोर्ट में डेंगू पॉजिटिव निकला।
हालत खराब होने पर परिजन रविवार सुबह प्रयागराज निजी नर्सिंगहोम ले गए। वहां चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। लखनऊ ले जाते समय रायबरेली में उनकी सांसे थम गईं। वह भाजपा किसान मोर्चा के मानधाता मंडल अध्यक्ष भी रहे। पिता की मौत पर 17 वर्षीय बेटे हर्ष सिंह व 14 वर्षीय बेटी हर्षिता सिंह व परिजन रो - रो कर बेहाल हैं। इधर क्षेत्र के लोग इस मौत से आक्रोशित हैं। मानधाता क्षेत्र में लगातार डेंगू के मरीज बढ़ने के बाद भी लापरवाही बरती जा रही है। एंटी लार्वा समेत किसी प्रकार का छिड़काव न होने से लोग आक्रोशित हैं।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : इलाज न मिलने से पूर्व सांसद के बेटे की एसजीपीजीआई में मौत
