पीलीभीत: गुरुजी खुद अविवाहित बता किए शादी, पत्नी की पुलिस से न्याय की गुहार
डेमो इमेज
पीलीभीत, अमृत विचार: स्पा कराते नेपाल में हुई धरपकड़ और स्कूल में बैठकर शराब पीने के वीडियो वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग के दो शिक्षक हाल ही में निलंबित किए गए थे। इनकी चर्चाएं अभी कम नहीं हो सकी थीं कि तीसरे शिक्षक का कारनामा पुलिस तक पहुंचा है। जिसमें शिकायत किसी और ने नहीं बल्कि पत्नी व ससुर ने की है। गुरुजी ने पूर्व की शादी को छिपाकर रखा और शादी में भारी भरकम दहेज समेट लिया। पीड़िता ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रामचंद्र ने बताया कि उनकी पुत्री रामा देवी सरकारी शिक्षक है। जनवरी 2022 में गजरौला क्षेत्र के एक व्यक्ति घर आए थे। उन्होंने कहा था कि वह बेटी की शादी सरकारी शिक्षक से करा देंगे। कुछ समय बाद एक सरकारी शिक्षक का रिश्ता लेकर आए। जोकि गजरौला क्षेत्र का रहने वाला था और उसकी तैनाती पूरनपुर ब्लॉक के ही एक स्कूल में है।
उस वक्त यह विश्वास दिलाया गया कि लड़का (शिक्षक) अविवाहित है। छह फरवरी 2023 को एक बारात घर में धूमधाम से शादी की गई। जिसमें कर्ज लेकर और जेवर गिरवी रखकर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए गए थे। चार दिन बाद ही पता चला कि उक्त शिक्षक (पति) एक अन्य महिला के साथ वैवाहिक संबंधों में निवास कर रहा है।
दोनों के संसर्ग से एक पुत्री भी है। आरोपी शिक्षक ने उक्त महिला को सुगनढ़ी क्षेत्र में एक मकान लेकर दे रखा है। जिसमें वह रहती है। कुछ समय ही पीड़ित की पुत्री ससुराल में रही और अधिकांश समय मायके में ही बीता है। आरोप है कि पति ने जालसाजी कर बचाव के लिए कूटरचित अभिलेख भी तैयार कर लिए।
इसके बाद पूर्व में शिकायत की गई तो एक समझौता भी किया, जिसमें 29 सितंबर तक खर्च की गई रकम वापस करने की बात लिखित तौर पर दी गई थी, मगर उसे भी तोड़ दिया। 28 अक्टूबर की सुबह नौ बजे जब वार्ता की गई तो आरोपियों ने धमकी देना शुरू कर दिया। जालसाजी कर शादी कर दहेज के नाम पर मोटी रकम हड़पने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत : तो गौंहनिया में अभी भी तनाव, हिंदू संगठन ने की सीओ से मुलाकात..जानिए क्या की मांग !
