मुख्यमंत्री जी... बरेली स्मार्ट सिटी के लोकार्पण के लिए आप आमंत्रित हैं
डीएम ने स्मार्ट सिटी के पूरे हुए कामों की रिपोर्ट भेजकर लोकार्पण करने का किया आग्रह, अधूरे काम पूरे कराने के लिए सक्रिय हुए अफसर, नवंबर-दिसंबर में कार्यक्रम तय करने की कोशिश
बरेली, अमृत विचार : बरेली शहर स्मार्ट सिटी में तब्दील हो गया है। ऐसा जिला प्रशासन का मानना है, लिहाजा अब इसका मुख्यमंत्री से लोकार्पण कराने की तैयारी की जाने लगी है। डीएम ने स्मार्ट सिटी के काम पूरे होने की रिपोर्ट ऊपर भेजी है, इसके साथ लोकार्पण के लिए नवंबर अंत या दिसंबर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय करने की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़ें - बरेली: करवा चौथ पर अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला व्रत रखेंगी महिलाएं
स्मार्ट सिटी की जिन परियोजनाओं में काम बाकी है, उन्हें जल्द पूरा कराने के लिए अफसरों को सक्रिय कर दिया गया है। अफसरों के मुताबिक बरेली स्मार्ट सिटी के ज्यादातर काम पूरे हो चुके हैं। अधूरे रह गए प्रमुख कामों में फिलहाल पटेल चौक पर स्काई वाक का निर्माण चल रहा है। हाल ही में ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने के लिए नोटिस भी दिया गया है।
दो दिन पहले डीएम ने गुणवत्ता ठीक न पाए जाने पर डीएम ने स्मार्ट सिटी के तहत बन रहे राइफल क्लब के ठेकेदार को भी नोटिस जारी करने का निर्देश दिया था। राइफल क्लब की इमारत बन चुकी है, अब आंतरिक काम ही बाकी रह गया है। नगर आयुक्त ने इसे 15 दिन में पूरा करने का निर्देश दिया है।
ये प्रोजेक्ट हो गए पूरे: स्मार्ट सिटी के तहत इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, अर्बन हाट , म्यूजिकल फाउंटेन, ओपन जिम, अक्षर विहार में लेजर शो, पुरानी जेल में लाइट एंड साउंड शो, गांधी उद्यान में भूलभुलैया, जीजीआईसी में सोलर ऊर्जा और स्मार्ट क्लास के प्रोजेक्ट पूरे हो गए हैं और लोकार्पण के लिए तैयार हैं।
बीडीए के काम में भी तेजी: शहर में कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए बीडीए चारों दिशाओं में सड़कों काे चौड़ा कर रहा है। इसके साथ इन पर लाइटें और पौधे लगाए जा रहे हैं। बरेली के नाथ कॉरिडोर प्रोजेक्ट और ग्रेटर बरेली योजना की मुख्यमंत्री सराहना कर चुके हैं। बरेली
सिर्फ कुतुबखाना पुल रह जाएगा: स्मार्ट सिटी के तहत बन रहे कुतुबखाना फ्लाईओवर के निर्माण में तेजी तो आई है लेकिन दिसंबर तक इसका पूरा हो पाना मुश्किल माना जा रहा है। स्काई वाक का निर्माण अफसर नवंबर में हर हाल में पूरा होने का दावा अफसर कर रहे हैं।
स्मार्ट सिटी के कामों की निगरानी तेज कर दी है। हर दिन रिपोर्ट भी ली जा रही है। इससे पहले भी लेजर शो, भूलभुलैया और लाइट एंड साउंड शो का मुख्यमंत्री से लोकार्पण कराने की योजना थी। अब एक बार फिर इन सभी कामों का मुख्यमंत्री से लोकार्पण कराने की कोशिश है।
ये भी पढ़ें - बरेली: सदर तहसील में 18 गोशाला के लिए चिह्नित हुई जमीन
