Chitrakoot News: जल जीवन मिशन के दो ट्रकों में लदे 78 पाइप बरामद, इतने आरोपी हुए गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में जल जीवन मिशन के दो ट्रकों में लदे 78 पाइप बरामद।

चित्रकूट में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से जल जीवन मिशन के दो ट्रकों में लदे 78 पाइप भी बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों में कानपुर और हमीरपुर के युवक भी शामिल हैं।

चित्रकूट, अमृत विचार। पुलिस को महत्वपूर्ण कामयाबी मिली है। दो ट्रकों में लदे लोहे के 78 पाइपों के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे अवैध असलहे भी पुलिस को मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कानपुर और हमीरपुर के युवक भी शामिल हैं।  

सोमवार को भरतकूप थाने के एसएसआई यदुवीर सिंह ने रसिन तिराहा बांदा-कर्वी रोड पर सुदिनपुर गांव से मामले की विवेचना से प्रकाश में आए आरोपियों अक्षय सिंह पुत्र विनोद सिंह निवासी गंभीरपुर कछार थाना बिठूर (कानपुर), रंजीत पुत्र बाबू निवासी छिरका भवानी थाना मौदहा (हमीरपुर), बच्चा कुशवाहा पुत्र शिवप्रसाद और शिवकरन पुत्र मइयादीन निवासी पथरौड़ी, शिवनाथ पटेल पुत्र कल्लू राम निवासी स्टेशन रोड शिवरामपुर और भरत सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी चकला गुरुबाबा शिवरामपुर को गिरफ्तार किया।

इनसे दो ट्रकों पर लदे कुल 78 पाइपों के साथ सात मोबाइल, 1900 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने अक्षय और रंजीत से तमंचा-कारतूस भी बरामद किया। दोनों ट्रकों को एमवी एक्ट में सीज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक इमरान खान, मुख्य आरक्षी कल्लू खां, आरक्षी अजीजउद्दीन, शिवम् मिश्रा और मयंक तिवारी शामिल रहे।

पहले भी हुई हैं गिरफ्तारी

गौरतलब है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल जल पहुंचाने की योजना से संबंधित पाइपों की चोरी से संबंधित शिकायतों पर थाना रैपुरा, राजापुर एवं मारकुंडी में पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनसे भारी मात्रा में पाइप भी बरामद किए गए हैं।

 

संबंधित समाचार