शाहजहांपुर: शराब फैक्ट्री की छत पर चढ़कर कर्मचारियों का हंगामा, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भुखमरी की कगार पर पहुंचे मैक्डॉवेल कंपनी के 207 कर्मचारियों का फूटा गुस्सा

शाहजहांपुर, अमृत विचार। यूनाइटेड स्प्रिट (मैकडॉवेल) शराब कंपनी को चालू कर कर्मचारियों को काम पर वापस लिए जाने की मांग को लेकर 272 दिन से धरनारत कर्मचारियों का हाजिरी वाली मशीन का तार तोड़ने पर गुस्सा भड़क गया। निकाले गए 207 सभी कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर लोहे की सीढ़ियों और छत पर चढ़ गए और ऊंचाई से कूदकर सुसाइड किए जाने की चेतावनी देनी शुरू कर दी। फैक्ट्री प्रबंधन व पुलिस हाथ के साथ हाथ-पांव फूल गए। मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस  अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों को मनाने का दौर जारी है। 

रौसर कोठी में स्थित यूनाइटेड स्प्रिट कंपनी की यह फैक्ट्री मैकडॉवेल के नाम से ब्रांडेड शराब बनाती है। फैक्ट्री काफी समय से घाटे में जा रही थी। बताते हैं कि फैक्ट्री प्रबंधन अन्य स्थानों पर स्थापित फैक्ट्रियों की तरह यहां भी फैक्ट्री को ठेके पर काम करने वालों के जरिये चलाना चाहती है, इसके लिए 274 दिन पहले फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से 207 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर उन्हें काम से निकाल दिया गया और फैक्ट्री का उत्पादन बंद कर दिया गया। इसके दो दिन बाद कर्मचारियों ने फैक्ट्री गेट पर धरना शुरू कर दिया।

कर्मचारियों से फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों की मध्यस्था में कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन बात नहीं बन पाई। कर्मचारियों का कहना है कि यह उनके भविष्य से जुड़ा मामला है और वह लोग तब तक पीछे नहीं हटेंगे, जब तक उन्हें काम पर वापस नहीं लिया जाता है। मंगलवार को कर्मचारियों को जैसे ही यह बात पता लगी कि हाजिरी वाली मशीन, जिसमें अंगूठा लगाया जाता है, उसके तार तोड़कर उसे खराब कर दिया गया है, तब फिर कर्मचारी भड़क गए और सुबह आठ बजे धरनारत सभी 207 कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर मशीनों के पास लगी लोहे की सीढ़ियों और छत पर चढ़ गए और ऊंचाई से कूदकर सुसाइड किए जाने की चेतावनी देनी शुरू कर दी।

फैक्ट्री प्रबंधन व पुलिस हाथ के साथ हाथ-पांव फूल गए। सूचना मिलते ही थाना रामचंद्र मिशन पुलिस और फिर सीओ सिटी वीसएस वीर कुमार, एएसपी सिटी सुधीर जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा मौके पर पहुंच गए और कर्मचारियों को समझाने की कोशिश शुरू कर दी, लेकिन कर्मचारी मानने को तैयार नजर नहीं आ रहे थे। मनाने का दौर जारी है।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: बुखार से शिक्षक समेत तीन लोगों की मौत, मचा कोहराम

संबंधित समाचार