शाहजहांपुर: बुखार से शिक्षक समेत तीन लोगों की मौत, मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुवायां और खुटार के गांव रजमना और कुइयां में मचा कोहराम

पुवायां/ खुटार। संभावित डेंगू और बुखार के प्रकोप से लगातार हो रहीं मौतों से लोग भयभीत नजर आने लगे हैं। पुवायां के कोयला व्यापारी की रविवार शाम पांच बजे बरेली के प्राइवेट अस्पताल में मौत के बाद देर रात प्राइवेट शिक्षक की शाहजहांपुर के प्राइवेट चिकित्सक के यहां बुखार से जान चली गई। वहीं खुटार के गांव रजमना में एक किसान और कुइयां गांव में युवक की सोमवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुवायां के मोहल्ला कसभरा मिशन निवासी 36 वर्षीय अमित सिंह चौहान उर्फ लीचू एक प्राइवेट स्कूल में बतौर शिक्षक कार्यरत थे। तीन दिन पहले उन्हें बुखार की शिकायत हुई, तब नगर के प्राइवेट डॉक्टर की सलाह पर दवा ले ली, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। रविवार दोपहर बाद अचानक हालत बिगड़ गई। नगर के प्राइवेट डॉक्टर की सलाह पर शाहजहांपुर ले जाया गया। जहां रात करीब आठ बजे प्राइवेट डॉक्टर के यहां अमित ने भर्ती होने से पहले ही दम तोड़ दिया। अमित की तीन मासूम बेटियां हैं, जिनके लालन-पालन की जिम्मेदारी अकेले पत्नी पर आ गई है। परिजनों के मुताबिक अमित को डेंगू के लक्षण थे।

खुटार। क्षेत्र के गांव रजमना निवासी वेद प्रकाश शुक्ला उर्फ भैया को दो दिन बुखार आया था। परिजनों ने उन्हें बरेली के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। उसी अस्पताल में उनका बेटा राजा बुखार से पीड़ित होने पर दो दिन पहले भर्ती कराया गया था। रविवार को बेटे की हालत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जबकि वेद प्रकाश का वहीं अस्पताल में उपचार चल रहा था। सोमवार को वेद प्रकाश की अचानक तबीयत खराब हुई और दोपहर में उनकी मौत हो गई।

वेद प्रकाश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके परिवार में बड़े बेटे 25 वर्षीय अंकित के साथ ही कई अन्य परिवार के लोग बुखार की चपेट में है। बुखार पीड़तों का खुटार के अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। वेद प्रकाश की मौत की खबर के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

उधर, खुटार के गांव कुइयां निवासी सत्यदेव गुप्ता के 24 वर्षीय पुत्र रिंकू गुप्ता को 28 अक्टूबर को हल्का बुखार आया था। जिस पर परिजन रिंकू को नगर के निजी अस्पताल लेकर गए थे। जहां हालत में सुधार नहीं पर सोमवार को परिजन रिंकू गुप्ता को पीलीभीत के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान रिंकू की मौत हो गई। सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

रजमना में अब तक तीन की मौत
खुटार ब्लॉक के गांव रजमना में तेज वायरल बुखार की चपेट में आये तीन लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कई लोग बीमार हैं। 19 अक्टूबर को एलआईसी एजेंट राजीव शुक्ला, 20 अक्टूबर को वागीश की पत्नी करुणा देवी की मौत हो चुकी है। अब सोमवार को इसी गांव के रहने वाले वेद प्रकाश की बरेली में इलाज के दौरान मौत हो गई है। इस तीसरी घटना से लोग दहशत में है।

इमलिया में लगा हेल्थ कैंप,17 मिले बुखार से पीड़ित
पुवायां। इमलिया गांव में संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर नरेंद्र पाल के निर्देशन में हेल्थ कैंप लगाया गया। जांच दल में शामिल डॉक्टर गोपाल दास सागर, धर्मेंद्र शर्मा, नीलम शर्मा, ऋषिकेश और अंजू रानी ने 58 रोगियों की जांच की, जिसमें 17 बुखार से पीड़ित मिले एवं शेष अन्य बीमारियों से पीड़ित मिले, इनको दवाइयों का वितरण किया गया और संचारी रोगों से बचाव के लिए साफ सफाई से रहने व घरों के आसपास गंदगी एवं जल भराव नहीं होने देने के बारे में बताया गया।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर रामलीला के मेले में जाली नोट से खरीदारी करते दो अभियुक्त गिरफ्तार 

संबंधित समाचार