Banda News: PGI में चिकित्सकों की लापरवाही से पूर्व सांसद के बेटे की हुई थी मौत, कांग्रेसियों ने खोला मोर्चा
पीजीआई में चिकित्सकों की लापरवाही पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा।
लखनऊ के पीजीआई में चिकित्सकों की लापरवाही से दो दिन पहले पूर्व सांसद के पुत्र की इलाज न मिलने से मौत हो गई थी। इस पर कांग्रेस ने मोर्चा खोला। कांग्रेसियों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
बांदा, अमृत विचार। लखनऊ के एसजीपीजीआई में उपचार न मिलने की वजह से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद के पुत्र की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। मामले को लेकर विपक्ष सरकार पर निशाना साध रहा है और लापरवाह पीजीआई प्रबंधन व चिकित्सकों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग बुलंद हो रही है।
मंगलवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार लालू दुबे की अगुवाई में कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेसियों ने पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र के पुत्र के निधन पर शोक जताया।
कहा है कि जब सत्ताधारी दल के पूर्व सांसद के पुत्र को समय से उपचार नहीं मिला और उनके बार-बार गिड़गड़ाने के बावजूद किसी चिकित्सक ने उनके पुत्र को देखने की जहमत तक नहीं उठाई तो आम जनमानस की हालत का अंदाजा स्वयं ही लगाया जा सकता है।
पीजीआई प्रबंधन पर तानाशाही रवैया अपनाने और मरीजों का उपचार सही तरीके से न करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने प्रतिष्ठित संस्थान में अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया। कहा है कि एसजीपीजीआई में व्याप्त अव्यवस्थाओं और चिकित्सकों की लापरवाही की जांच कराई जानी चाहिए।
कांग्रेसियों ने आम नागरिकों की जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने को लेकर उच्चस्तरीय जांच कमेटी के जरिए जांच कराए जाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में बी.लाल, केपी सेन, सत्यप्रकाश द्विवेदी, राजेश गुप्ता पप्पू, धीरेंद्र पांडेय, शोएब रिजवी, शब्बीर सौदागर, धीरेंद्र पटेल, अशरफ उल्ला रम्पा आदि शामिल रहे।
