Accident In Unnao: गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगी कंपनी के वाहन ने सुरक्षा गार्ड को रौंदा… मौत
उन्नाव में सड़क हादसे में सुरक्षा गार्ड की मौत।
उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगी कंपनी के वाहन ने सुरक्षा गार्ड को रौंद दिया। जिससे गार्ड की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
उन्नाव, अमृत विचार। माखी थानांतर्गत गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण कंपनी के प्लांट में तैनात सुरक्षा गार्ड को कंपनी के वाहन ने टक्कर मार दी। परिजनों को घटना की जानकारी दिए बगैर कर्मचारी उसे जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टर ने गार्ड को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद कंपनी के कर्मचारी शव व वाहन छोड़कर भाग गए। सूचना पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया। कंपनी की कार्यशैली को लेकर परिजनों में आक्रोश रहा।
बता दें कि बेहटा मुजवर थाना अंतर्गत गौरैया कला निवासी प्रशांत सिंह (40) पुत्र स्व . अशोक कुमार गंगा एक्सप्रेस का निर्माण करा रही पटेल कांट्रेक्शन कंपनी में सात माह से निजी सुरक्षा गार्ड के पद पर था। माखी थाना अंतर्गत चकलवंशी -संडीला रोड पर सलेमपुर गांव के बाहर कंपनी के प्लांट में उसकी ड्यूटी थी। जहां कंपनी की बाइक चला रहे मेस इंचार्ज पिंटू ने उसे टक्कर मार दी।
दुर्घटना में उसके सिर पर गंभीर चोट आई। कंपनी के कर्मी प्रिंस उपाध्याय व अन्य कर्मी उसे वाहन से जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सभी कर्मी एक -एक कर भाग निकले। भाई राघवेंद्र का आरोप है कि उन लोगों को घटना की जानकारी भी नहीं दी गई। किसी अन्य कर्मी से उन्हें घटना की जानकारी हुई।
मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। भाई ने पुलिस को तहरीर दी। वहीं सूत्रों की माने तो बाइक चालक पिंटू भी दुर्घटना में घायल है जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दिवंगत प्रशांत तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। सुरक्षा गार्ड को नौकरी से अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी मौत से पत्नी रमा सिंह व बेटी पलक (13) सदमे में है। वृद्ध मां कुमकुम सिंह भी जवान बेटे की मौत की सूचना के बाद बेहाल है। परिजनों ने कंपनी के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने को बात कही है।
