रामपुर : दहेज में पांच लाख और कार नहीं मिलने पर विवाहिता को निकाला
जेठ पर महिला ने लगाया छेड़खानी का आरोप
रामपुर,अमृत विचार। दहेज में पांच लाख रुपये और कार नहीं मिलने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट करके घर से निकाल दिया। जेठ ने उससे छेड़खानी कर दी। पटवाई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक ग्रामीण ने अपनी बेटी का विवाह कुछ समय पूर्व भोट थाना क्षेत्र के ग्राम कोयला का मझरा निवासी रंजीत से किया था।
शादी के कुछ समय तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में ससुराल वालों ने उससे दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग कर दी। मांग पूरी नही होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट किया करते थे।
आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर महिला के पति ने लाईसेंसी बंदूक की बट से महिला को पीटकर घायल कर दिया। वह मायके आ गई। बाद में उसने भोट थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने पति सहित सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही विवाहिता ने जेठ पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है।
