अयोध्या: किसानों के स्वागत के साथ धान खरीद शुरू, जिले में बने हैं 52 क्रय केन्द्र
अयोध्या, अमृत विचार। जिले में बुधवार से कुल 52 केंद्रों पर धान खरीद शुरू हो गई है। खरीद केंद्रों पर पहुंच रहे किसानों का माला पहनाकर स्वागत किया जा रहा है। डिप्टी आरएमओ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि लगभग सभी केन्द्रों पर खरीद शुरू की गई है। निरीक्षण के लिए 22 नोडल अधिकारी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि शासन का आदेश है पहले दिन पहुंचने वाले किसानों का स्वागत किया जाए।
गोसाईगंज प्रतिनिधि के अनुसार नवीन सब्जी मंडी में बने धान क्रय केंद्र पर धान की खरीद शुरू हो गई है। यहां पर सरकार द्वारा निर्धारित कामन धान 2183 व ग्रेड ए 2203 रुपये में खरीदा जा रहा है। फिलहाल अभी धान की ज्यादातर फसल खेतों में ही खड़ी है लेकिन अगेती धान पूरी तरह से तैयार है।
एसएमआई हरिसेवक चौरसिया ने बताया कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। बुधवार तक 12 हजार किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। खरीद आओ पहले पाओ की तर्ज पर हो रही है। क्रय केंद्र पर कांटा, बोरी, पंखा, झन्ना सब मुस्तैद है। अभी आवक ना के बराबर है। यहां बुधवार को 25 कुंतल धान लेकर पहुंचे काजीपुर गाडर के प्रगतिशील किसान रामनिहाल यादव का स्वागत किया गया।
यह भी पढ़ें;-सपा राज्य कार्यकारिणी की अहम बैठक आज, लोकसभा चुनाव की रणनीति समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा
