Karwa Chauth 2023: सजना के लिए सजने और करवा चौथ को लेकर महिलाओं में उत्साह, बाजारों में भीड़
बांदा में सजने संवरने को बाजारों में उमड़ी महिलाओं की भीड़।
बांदा में सजना के लिए सजने और करवा चौथ को लेकर महिलाओं में उत्साह है। इसके साथ ही खरीददारी के लिए भीड़ उमड़ी है।
बांदा, अमृत विचार। पति की लंबी उम्र की कामना के साथ प्यार और दीदार के पर्व करवा चाैथ का सुहागिनों को बेसब्री से इंतजार है। चांद से सजना के दीदार को सुहागिनें उत्साहित हैं। करवा चाैथ को लेकर तैयारियां जोरो पर है। करवाचाैथ पर सुहागिनों के स्वागत के लिए बाजार भी किसी दुल्हन की तरह ही सजा दिखाई पड़ा। कहीं रंगबिरंगी कांच की चूड़ियां, तो कहीं महिलाओं के रंगे बिरंगे परिधानों से बाजार सजे हुए हैं। सरार्फा बाजार में सोने और चांदी के गहनों की खरीददारी के लिये जबरदस्त भीड़ रही।

बुधवार को पति-पत्नी के स्नेह का प्रतीक करवा चाैथ का व्रत सुहागिनों ने रखा है। करवाचाैथ की तैयारियों को लेकर बाजार में खरीददारी के लिए भारी भीड़ उमड़ी। कोई गहना खरीदता नजर आया तो कोई साड़ियां और अन्य सौंदर्य का सामान। सजना के लिए सजने संवरने के लिए सुहागिनों ने बाजार में खरीददारी के दौरान अपने सजना की पसंद का विशेष ख्याल रखा।
किसी सुहागिन महिला के लिए सबसे महत्वपूर्ण पर्व करवा चाैथ का माना जाता है। पर्व की तैयारियों और खरीददारी काे लेकर सोमवार को पूरे शवाब पर रहा। शहर की सड़कों और बाजारों में 80 फीसदी सिर्फ महिलाएं ही नजर आईं। दुनिया में केवल पत्नी ही है, जो पति की लंबी उम्र की कामना करती है। महिलाएं सोमवार से ही सुहाग के सामान की खरीददारी के लिये निकल पड़ीं। ज्वैलर्स और साड़ी की दुकानों में जमकर भीड़ है।
50 से 100 रुपए तक बिक रहा करवा
करवा चौथ के त्योहार को लेकर बाजार में जगह-जगह करवा बिक्री के लिए दुकानदारों ने सजा रखे हैं । तमाम लोगों ने मिट्टी का करवा खरीदा। इनके दाम भी आसमान छूते रहे। 50 से 100 रुपए तक का एक करवा की बिक्री हुई। हालांकि करवा चाैथ को लेकर बर्जन बाजार में भी खासी चहल पहल नजर आई। महिलाएं धातु के बने करवा भी पूजा में प्रयोग करती हैं।
कई शुभ संयोग लेकर आ रहा करवा चौथ
पंडित बालेंद्र द्विवेदी बताते हैं कि करवा चौथ का पर्व इस बार कई सुंदर शुभ संयोग लेकर आ रहा है। इस बार जहां करवा चौथ पर सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है, वहीं शिवयोग और बुधादित्य योग भी निर्मित हो रहे हैं। ज्योतिष के विद्वान आनंद शास्त्री बताते हैं कि चतुर्थी तिथि 31 अक्टूबर की रात 11 बजकर 2 मिनट से लेकर 1 नवंबर की रात 10 बजकर 59 मिनट तक रहेगी। उन्होंने करवा चौथ की पूजा के लिए शुभ मुहूर्त शाम 7 बजकर 50 मिनट से बताया है। जबकि करवा चौथ पर चांद के दीदार का समय करीब 8 बजे से सवा 8 बजे तक निर्धारित है।
ये भी पढ़ें- Karwa Chauth 2023: इस योग में महिलाएं करेंगी चांद का दीदार… ऐसे करे चंद्रमा की पूजा
