Karwa Chauth 2023: इस योग में महिलाएं करेंगी चांद का दीदार… ऐसे करे चंद्रमा की पूजा

कानपुर में करवाचौथ पर आज महिलाएं चांद का दीदार करेंगी।

Karwa Chauth 2023: इस योग में महिलाएं करेंगी चांद का दीदार… ऐसे करे चंद्रमा की पूजा

कानपुर में करवाचौथ पर आज महिलाएं चांद का दीदार करेंगी। पूजन के समय शिवयोग रहेगा। थाली बदलकर महिलाएं सौभाग्य मांगेगी। पर्व के लिए बाजारों में खरीदारी हुई।

कानपुर, अमृत विचार। करवा चौथ पर्व बुधवार को शिवयोग में मनाया जाएगा। पर्व के दौरान महिलाएं चांद का दीदार करेंगी। इसके साथ ही पूजन में थाली बदलकर सौभाग्य की कामना भी करेंगी। उधर पर्व को लेकर मंगलवार को बाजारों में महिलाओं ने खूब खरीदारी की।

पारंपरिक पूजन सामग्री के साथ ही ज्वेलरी बाजार में भी महिलाओं की भीड़ रही। इस बार खास तौर पर मीना कारीगरी के चांदी के करवों के प्रति महिलाओं का रुझान रहा। उधर उपहार देने के लिए सोने की अंगूठियां भी खूब बिकी।

करवाचौथ के पर्व पर ज्वेलरी बाजार में महिलाओं की ओर से विशेष खरीदारी की गई। इनमें खासतौर पर चांदी के करवा, दिया स्टैंड और पारंपरिक डिजायनर पायल और बिछिया शामिल है। उधर सोने के आभूषणों में बाजार में सबसे ज्यादा अंगूठी और झुमकों की मांग आ रही है। करवाचौथ के बाजार पर कारोबारियों ने बताया कि इस बार बाजार में खासतौर पर ‘मीना’ कारीगरी के करवे सबसे ज्यादा महिलाओं को लुभाए।

इन करवों पर विशेषतौर पर कोलकाता के कारीगरों की ओर से बारीक डिजाइन की जाती है। इन डिजाइन को हरे रंग से उकेरा जाता है। इस विशेष कारीगरी में सामान्यतौर पर फूल, पत्ती और मोर जैसी डिजाइन उकेरी जाती है। इसके आलावा बाजार में फैंसी करवे भी बिके। इन पर डिजिटल डिजाइन के साथ चमकीली पॉलिश भी की जाती है।

बाजार के बारे में बिरहाना रोड के मनोहर लाल परसवानी ज्वैलर्स के हरीश चंदलानी ने बताया कि बाजार में महिलाओं की ओर से अन्य दिनों के मुकाबले अधिक खरीदारी की गई है। इनमें चांदी के करवों के अलावा पायल, बिछिया और चांदी के अन्य पूजन में इस्तेमाल होने वाले बर्तन शामिल हैं। महिलाओं की ओर से इस बार चांदी के गिलास, कटोरी और डिजाइनर थाली की भी खरीदारी भी की गयी।

उपहार के लिए सोने की अंगूठी

सोना कारोबारियों ने बताया कि बाजार में उपहार देने के लिए सोने की अंगूठी सबसे अधिक मांग रही। इसके अलावा सोने की डोरी वाले और छत्ता झुमकों की मांग भी बढ़ी। नए शादीशुदा जोड़े हल्की सोने की चेन के प्रति आकर्षित रहे।

सोने के भाव में आई तेजी

त्योहारों के मौसम में सोने के दाम ने भी उछाल मार दिया है। अक्टूबर महीने में ही सोने के दामों में 4,150 रुपये की तेजी देखी गई है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के आंकड़ों की माने तो तीन अक्टूबर को मुंबई में सोने का दाम 56,675 प्रति दस ग्राम था जो 27 अक्टूबर को बढ़कर 60,825 हो गया। इसी तरह दिल्ली के बाजार में सोने का भाव 3 अक्टूबर को 57,550 प्रति दस ग्राम था जो 27 अक्टूबर को 4,450 रुपये बढ़कर 62 हजार रुपये प्रति दस ग्राम पहुंच गया।

सौभाग्य की होती है कामना

ज्योतिषाचार्य पं. मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि करवाचौथ व्रत भगवान गणेश और करवा माता को समर्पित है। इस दिन सुहागिन महिलाएं व्रत रखती हैं और पति की लंबी उम्र की कामना के साथ पूजा करती हैं। दिन भर व्रत रखने के बाद शाम को महिलाएं चांद देखकर व्रत का पारण करती हैं। इस व्रत को करने से दांपत्य जीवन में खुशियां आती हैं। साथ ही घर में समृद्धि और सौभाग्य भी बढ़ता है। करवा चौथ के दिन को करक चतुर्थी के नाम से भी जाना जाता है। करवा या करक मिट्टी के पात्र को कहते हैं जिससे चन्द्रमा को जल अर्पण, जो कि अर्घ कहलाता है, किया जाता है। 

क्यों होती है चंद्रमा की पूजा 

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि चंद्रमा को आयु, सुख और शांति का कारक माना जाता है और इनकी पूजा से वैवाहिक जीवन सुखमय बनता है और पति की आयु भी लंबी होती है। करवाचौथ का व्रत सुहागन महिलाएं अखंड सौभाग्य की प्राप्ति के लिए करती हैं। करवाचौथ हर साल कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। इस बार करवाचौथ का व्रत बुधवार के दिन रखा जाएगा। इस दिन कार्तिक संकष्टी चतुर्थी होती है। इस व्रत में भगवान शिव माता पार्वती और चंद्रमा का पूजन किया जाता है। 

शिवयोग में होगा पूजन

ज्योतिषाचार्य पं.मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि इस बार करवा चौथ पर कई शुभ योग भी बन रहे हैं। पंचांग के अनुसार बुधवार को करवाचौथ के दिन सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा। इसके साथ ही इस दिन चंद्रमा शाम में 4 बजकर 12 मिनट तक अपनी उच्च राशि वृषभ में रहेंगे। इस दिन दोपहर में 2 बजकर 7 मिनट से शिवयोग भी रहेगा। इस योग में माता करवा की विशेष पूजा करने से व्रती को महादेव का आशीर्वाद प्राप्त होगा। 

8:17 पर निकलेगा चांद

करवाचौथ का चांद बुधवार को शहर में 8:17 बजे दिखेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने चांद के समय हल्के बादल रहने का अनुमान जताया है। सीएसए के मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बुधवार को मौसम बदला हुआ रहेगा। हल्के बादल होने की वजह से चांद बादलों के बीच दिखाई देगा। उस दिन बादल हल्के होने की वजह से महिलाओं को चांद देखने में किसी तरह की कोई समस्या नही होगी। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि कि बुधवार की रात आसमान में हल्के बादल होने की संभावना है। हल्के बादल होने की वजह से चांद को देखने में किसी तरह की समस्या नहीं आएगी। बादलों के बीच चांद को आसानी से देखा जा सकेगा। 

अपार्टमेंट में होती रही तैयारी

करवा चौथ के पूजन के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में मजगलवार को तैयारी होती रही। खासतौर पर स्वरूप नगर, तिलक नगर, काकादेव, मॉडल टाउन, पांडव नगर व गोविंद नगर में मौजूद सोसाइटी व अपार्टमेंट में तैयारी होती रही। यहां पर शाम से ही महिलाएं एक साथ करवा चौथ का पूजन शुरू करती है। इन इलाकों में इस दौरान महिलाओं की ओर से कई पारंपरिक लोकगीत गायन जैसे सांस्कृतिक आयोजन भी किए जाते हैं।

ये भी पढ़ें- Karwa Chauth 2023: महिलाएं कर रही करवाचौथ की तैयारियां, हाथों में लगवाई मेहंदी, बाजारों में उमड़ी भीड़

ताजा समाचार

बहराइच: संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी का फंदे से लटकता मिला शव, मोबाइल गायब
Lok Sabha Election 2024: फर्रुखाबाद में चार जून को कायमगंज विधानसभा की सर्वाधिक 32 चक्रों में होगी मतगणना
चीन का चांग-6 चंद्रमा की सतह पर उतरा, जांच के लिए मिट्टी इकट्ठा करेगा 
Farrukhabad Weather Today: देर रात हुई हल्की बरसात से तापमान में आई आंशिक गिरावट...बारिश होने से लोगों को मिली राहत
बाराबंकी: वोटर हेल्पलाइन एप पर घर बैठे जानिए मतगणना हाल, किस चक्र में कौन आगे-कौन पीछे
UEFA Champions League : रियल मैड्रिड ने 15वीं बार जीता चैंपियंस लीग का खिताब, बोरुसिया डॉर्टमुंड को दी मात...देखिए तस्वीरें