Kanpur News: सही सड़क को बनाने के लिए कर दिया दोबारा टेंडर, महापौर प्रमिला पांडेय ने रुकवाया काम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में महापौर प्रमिला पांडेय ने मौके पर पहुंचकर काम रकवाया।

कानपुर नगर निगम में सड़कों को बनाने और खोदाई कार्य में लगातार गड़बड़झाला पकड़ा जा रहा है। बुधवार को जोन-4 अशोक नगर में सड़क बनाने के लिए खोदी जा रही नई आरसीसी सड़क का कार्य महापौर प्रमिला पांडेय ने रुकवा दिया।

कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम में सड़कों को बनाने और खोदाई कार्य में लगातार गड़बड़झाला पकड़ा जा रहा है। बुधवार को जोन-4 अशोक नगर में सड़क बनाने के लिए खोदी जा रही नई आरसीसी सड़क का कार्य महापौर ने रुकवा दिया। यहां बनी हुई आरसीसी सड़क को खोदकर दोबारा आरसीसी रोड बनाने के लिए 5 लाख 70 हजार 325 रुपये का टेंडर करा दिया।

जिस पर महापौर प्रमिला पांडेय अपने ही अधिकारियों पर बिफर गईं, निरीक्षण के बाद अपने कार्यालय पहुंची महापौर ने जोनल अभियंता-4 को तलब किया। इस दौरान जोनल अभियंता जो फाइल लेकर पहुंचे, उसे भी महापौर ने फेंक दिया। 

महापौर ने कहा लोगों की समस्याओं से आपको कोई लेना देना नहीं है। जब बैठक कर कहा था कि दीपावली तक शहर में कोई सड़क नहीं खोदी जाएगी, तो कैसे सड़क खोद दी। महापौर ने सड़क की खुदाई कर जेसीबी को जब्त कराकर नगर निगम में खड़ी करा दी। महापौर ने नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन को बुलाकर खुदाई को लेकर अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर की। 

महापौर ने फटकार लगाते हुए अधिकारियों से कहा कि कहा कि अगर आरसीसी सड़क कहीं-कहीं उखड़ी थी तो उसको पैच वर्क कर ठीक किया जा सकता था। लेकिन 5.70 लाख रुपये से ज्यादा को दोबारा आगणन तैयार कर दिया गया। अगर मरम्मत किया जाता तो कम धन व्यय होता। यह पूरी तरह सरकारी धन की बर्बादी है। 

महापौर ने कहा जेसीबी घसीट कर लाओ 

महापौर ने जोनल अभियंता को जमकर फटकारा। कहा कि जब सड़क बनी है तो उसे खोदवा कर दोबारा बनाने का क्या औचित्य है। किसके कहने पर सड़क बनाने की फाइल बनाई गई। महापौर ने यहां तक कह डाला कि नगर निगम का भगवान ही मालिक है। केयरटेकर से कहा कि मौके पर खोदाई कर रही जेसीबी को घसीटकर लाओ और सीज करो। 

मौके पर क्षेत्रीय लोगों ने बताई समस्याएं 

महापौर सूचना पर जब निरीक्षण पर पहुंची तो क्षेत्र के लोगों ने नाराजगी जाहिर की। महापौर के मुताबिक क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि बनी-बनाई सड़क खोदने पर हमारी आपत्ति है। महापौर ने कहा कि लोग बोल रहे हैं कि क्या इसीलिए आपको वोट दिया था। महापौर ने जोनल अभियंता के बाद नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन को भी अपने कार्यालय में तलब किया। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि इसकी जांच कराई जाए कि आखिर बनी हुई सड़क की खोदाई कर उसे किसने बनाने के आदेश दिए थे। दीपावली तक खोदाई पर रोक के बाद भी आखिर खोदाई क्यों की गई, संबंधित पर कार्रवाई होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- Kushagra Murder News: प्रेमी और अपना आर्थिक संकट दूर करने के लिए किया विश्वासघात, रची ये साजिश

संबंधित समाचार