World Cup 2023 : मैट हेनरी के विकल्प के तौर पर न्यूजीलैंड ने काइल जैमीसन को भारत बुलाया 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। पाकिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले कई खिलाड़ियों के चोटों से परेशान न्यूजीलैंड ने गुरुवार को विश्व कप टीम में लंबे कद के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को शामिल करने की घोषणा की। इस अहम मुकाबले के लिए तेज गेंदबाज मैट हेनरी की उपलब्धता पर संदेह के बीच 28 वर्षीय छह फीट आठ इंच लंबे जैमीसन गुरुवार देर रात बेंगलुरु पहुंचेगें। 

न्यूजीलैंड को शनिवार को बेंगलुरु में पाकिस्तान का सामना करना है। टूर्नामेंट के आखिरी चरण के मैचों से पहले दो तेज गेंदबाजों के साथ पांच खिलाड़ियों के चोटिल होने से न्यूजीलैंड की टीम मुश्किल स्थिति में है।  नियमित कप्तान केन विलियमसन (अंगूठा), लॉकी फर्ग्यूसन (टखना) और मार्क चैपमैन (पैर की मांसपेशियों) पहले से ही चोटों से जूझ रहे थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को खेले गए मैच में हेनरी और जेम्स नीशम भी चोटिल हो गये। हेनरी की दाहिनी हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों) के स्कैन के नतीजों के इंतजार के बीच न्यूजीलैंड को जैमीसन को भारत बुलाने पर विवश होना पड़ा। जैमीसन पहले भी टीम में टिम साउदी के विकल्प के तौर पर थे।

मुख्य कोच गैरी स्टीड ने एक बयान में कहा, मैट (हेनरी) की चोट की गंभीरता और पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले कम समय के बीच हम शनिवार के मैच के लिए टीम में गेंदबाज कम होने का जोखिम नहीं उठा सकते है। उन्होंने कहा, मैट ने पिछले दो विश्व कप चक्र में एकदिवसीय क्रिकेट में हमारे लिए विश्व स्तरीय प्रदर्शन किया है, इसलिए हम आज स्कैन परिणामों का अकलन करेंगे। स्टीड ने कहा कि जैमीसन भारत लौटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा, जैमीसन आज भारत पहुंच जायेगा और हम टीम में उसका वापस स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। वह शुक्रवार को हमारे साथ इस सोच से अभ्यास करेगा कि शनिवार के मैच के लिए उपलब्ध रहे।

ये भी पढ़ें : World Cup 2023 : चोट से उबर कर पाकिस्तान के खिलाफ वापसी को तैयार हैं लॉकी फर्ग्यूसन

संबंधित समाचार