बाराबंकी : किसान पथ की सर्विस लेन पर लखनऊ के प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, चार गिरफ्तार
बाराबंकी, अमृत विचार। किसान पथ की सर्विस लेन पर गुरुवार की रात लखनऊ के एक प्रॉपर्टी डीलर को गंभीर हालत में कार में पाया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने चार संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक युवक लखनऊ का रहने वाला है।
गुरुवार की रात्रि को थाना कुर्सी क्षेत्रान्तर्गत हबीबपुर के पास किसान पथ की सर्विस लेन के पास कार में एक व्यक्ति के घायल अवस्था में होने की सूचना किसी ने पुलिस को दी। इस सूचना पर थाना कुर्सी पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जहां पर चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के पास से प्राप्त पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान अतुल पाण्डेय पुत्र कपिल देव पाण्डेय उम्र 38 वर्ष निवासी एन-2/669सी, सीएमएस कालेज, सेक्टर-O अलीगंज जनपद लखनऊ के रूप में हुई है। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड व सर्विलांस सेल ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
मृतक के पिता ने 4 संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया। जिसके आधार पर थाना कुर्सी पर मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों की गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा चारो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजन पहुंच गए हैं।
ये भी पढ़ें -बहराइच में झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से बच्ची की मौत, केस दर्ज
