Kanpur News: पराग डेयरी प्लांट सौंपने में रकम का रोड़ा, इतने करोड़ की सालाना मांग के कारण पीछे हट रही मदर Dairy
कानपुर में पराग डेयरी प्लांट सौंपने में रकम का रोड़ा।
कानपुर में पराग डेयरी प्लांट सौंपने में रकम का रोड़ा। 13.50 करोड़ सालाना मांग के कारण मदर डेयरी पीछे हट रही। कोऑपरेटिव डेयरी ने सालाना लीज दर कम करने की मांग रखी।
कानपुर, अमृत विचार। पराग डेयरी को निजी हाथों में सौंपने की कवायद में धन का रोड़ा फंस गया है। दिल्ली की मदर डेयरी कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन को पराग डेयरी की कमान सौंपने की तैयारी है लेकिन 13.50 करोड़ रुपये सालाना किराये की मांग से कोऑपरेटिव फेडरेशन हाथ पीछे खींच रहा है।
मदर डेयरी कोऑपरेटिव फेडरेशन की मांग है कि सालाना किराया घटाया जाए। इस कारण अभी तक पराग डेयरी प्लांट को सौंपा नहीं जा सका है। लखनऊ स्थित मुख्यालय में डेयरी फेडरेशन से बातचीत का दौर जारी है, जल्द निष्कर्ष निकलने की उम्मीद है।
साकेत नगर स्थित पराग डेयरी में पराग दूध व अन्य डेयरी उत्पादों के लिए 25 एकड़ भूमि पर पराग प्लांट बनाने का प्रस्ताव पास हुआ था। 166 करोड़ की लागत से गुजरात की आईडीएमसी कंपनी ने प्लांट का निर्माण शुरु किया था। दूध व अन्य डेयरी उत्पादों के उत्पादन के लिए प्लांट में जापानी तकनीक की मशीनों को लगाया गया था।
2019 में कार्यदायी संस्था ने प्लांट का ट्रायल भी करा दिया था लेकिन प्लांट निर्माण के बाद भी डेयरी सुचारू रूप से नहीं चल सकी। इसके बाद शासन ने कानपुर, नोएडा, मुरादाबाद, आजमगढ़, गोरखपुर, प्रयागराज के प्लांटों को निजी हाथ में सौंपने का फैसला लिया था। प्रादेशिक कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन में डेयरी के निजीकरण के लिए पांच अक्टूबर से टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई थी।
सहकारी डेयरी फेडरेशन, अर्ध सरकारी डेयरी प्रसंस्करण व विपणन संगठन से प्रस्ताव मांगा गया था। पराग प्लांट को 13.50 करोड़ रुपये सालाना लीज पर 10 सालों के लिए सौंपने को कहा गया था। टेंडर प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
पराग डेयरी दुग्ध उत्पादन संघ अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली की मदर डेयरी को पराग प्लांट सौंपने की तैयारी है लेकिन 13.50 करोड़ रुपये सालाना लीज की मांग से मदर डेयरी फेडरेशन पीछे हट रहा है। मदर डेयरी की ओर से सालाना लीज की दर को कम करने की बात कही जा रही है। लखनऊ स्थित मुख्यालय में मदर डेयरी व पराग दुग्ध संघ की वार्ता जारी है।
चार लाख लीटर प्रतिदिन उत्पादन क्षमता
आईडीएमसी कंपनी द्वारा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस प्लांट में करीब चार लाख लीटर प्रतिदिन दूध व अन्य डेयरी उत्पादों का उत्पादन किया जा सकता है। 50 वर्ष पूर्व प्लांट में स्थापित मशीनों के द्वारा 50 हजार लीटर प्रतिदिन उत्पादन होता था। मशीनें जर्जर हो जाने के कारण प्लांट को बंद कर दिया गया था। लखनऊ प्लांट के माध्यम से शहर में पराग दूध व उत्पादों की सप्लाई की जाती थी।
ये भी पढ़ें- UP: पति को फोन कर बोली… और फांसी लगाकर महिला ने किया सुसाइड, सामने से देखता रहा ढाई साल का बेटा
