प्रयागराज पहुंचे मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सपा और कांग्रेस पर कही बड़ी बात 

प्रयागराज पहुंचे मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सपा और कांग्रेस पर कही बड़ी बात 

प्रयागराज, अमृत विचार। मंत्री सूर्य प्रताप शाही शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। जहां सर्किट हाउस में विश्राम करने के बाद कौशांबी में होने वाले कृषि कार्यों से संबंधित सेमिनार में हिस्सा लेने के लिए रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुये अखिलेश यादव और कांग्रेस गठबंधन पर जमकर हमला बोला।

सूर्य प्रताप शाही ने न केवल अखिलेश यादव की बल्कि इंडिया गठबंधन की नीतियों की आलोचना भी की। उन्होंने कांग्रेस के द्वारा किए जा रहे कार्यों और उनके नेताओं के अमर्यादित एवं बड़बोले बयान बाजी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, कांग्रेस सरकार में महिलाओं को कभी ना तो सुरक्षा मिला,और न ही सम्मान।
 
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के विवादित बयान पर उन्होंने कहा कि बिना जानकारी के ही उन्होंने बयान बाजी कर दी है और यह आदत उनकी ही नहीं, कांग्रेस के सभी नेताओं की है। उन्होंने आरएसएस और एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर जो आरोप लगाया हैं इन आरोपों से पहले वह अपने कार्यों को देखें तो अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि शायद वो दिल्ली का तंदूर कांड भूल गए हैं। जहां अपने अपराध को छुपाने के लिए एक लड़की को तंदूर में जलाकर मार डाला गया। कांग्रेस का यह रवैया बेहद शर्मसार है और इस तरीके से बिना सबूत के बयान बाजी करना उन्हें शोभा नहीं देता।

मंत्री शाही ने अखिलेश यादव के 65/15 के फार्मूले पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ उनके दिए गए बयान बाजी जग जाहिर है। मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच हो रही तकरार को देखकर यह साफ प्रतीत होता है कि आई.एन.डी.आई.ए गठबंधन में किसी प्रकार का सामंजस्य जैसी चीज ही नहीं है। यह लोग सिर्फ और सिर्फ केंद्र में अच्छा काम करने वाली नरेंद्र मोदी की सरकार को बदनाम करने और अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हुए है।  लेकिन जब सीटों के बंटवारे की बात आती है तो कांग्रेस अपना रूप दिखा देती है, जिसका नुकसान सहयोगी पार्टियों को होता है। अखिलेश यादव की बयानबाजी से प्रतीत होता है कि सपा सिर्फ अधिक से अधिक सीटों पर अपने उम्मीदवारों को खड़ा करना चाहती है न कि देश और प्रदेश के विकास की बात करना चाहती है।


ये भी पढ़ें -दुबई में रह रहे पति को वीडियो काॅल कर पत्नी ने किया सुसाइड