कानपुर: सामाजिक मान्यता और जागरूकता को ‘क्वीर गौरव यात्रा’ आज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लेस्बियन,गे,बाइसेक्सुअल,ट्रांसजेंडर,क्वीर समुदाय के लोगों की भागीदारी होगी

कानपुर, अमृत विचार। एलजीबीटीक्यू (लेस्बियन,गे,बाइसेक्सुअल,ट्रांसजेंडर,क्वीर) को लेकर सामाजिक मान्यता एवं जागरूकता को लेकर कानपुर में पहली बार रविवार को ‘क्वीर गौरव यात्रा’ निकाली जाएगी। रंग-बिरंगी पोशाक इस समुदाय के लोग शामिल होंगे। कानपुर क्वीर वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में निकाली जाने वाली यात्रा की आयोजक अनुज पांडे का दावा है कि शहर में आयोजित क्वीर गौरव यात्रा में एलजीबीटीक्यू समुदाय की भारी संख्या में भागीदारी होगी।

इसका उद्देश्य अधिकारों के प्रति जानकारी देना। आयोजन के प्रचार के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया गया है। इंस्टाग्राम पर आप कानपुर क्वीर खोलिए तो ‘क्वीर गौरव यात्रा’ सफल बनाने की अपीलें और विभिन्न सूचनाओं से भरा मिलेगा। एक लोगो भी जिसमें कानपुर क्वीर प्राइड 2023-24 जारी किया गया है। आयोजकों ने इंस्टाग्राम पर प्रेस के लिए गाइड लाइंस भी जारी की है।

आयोजक संस्था के संस्थापक अनुज पांडे बताते हैं कि इनके खिलाफ उत्पीड़न की गाथा बहुत लंबी है, लेकिन दुख की बात है कि यह भारत और अन्य जगहों पर सबसे अधिक अनदेखा, उपेक्षित और तुच्छ मुद्दा है। यह वर्ग भी समाज का हिस्सा है। 

‘क्वीर गौरव यात्रा’ में शामिल करने के लिए जारी अपीलों के वीडियों सोशल मीडिया में भरे हैं। एलजीबीटीक्बू को समाज की मुख्य धा्रा से जोड़ने की यह पहल कानपुर से की जा रही है। कानपुर क्वीर वेलफेयर फाउंडेशन के अनुसार कानपुर में फाउंडेशन से अब तक पांच हजार लोग जुड़ चुके हैं। ‘क्वीर गौरव यात्रा’ में भारी संख्या में लोग आएंगे। संस्था की विज्ञप्ति में बताया गया है कि गौरव यात्रा बड़ा चौराहा से शुरू होगी और वीआईपी रोड होते हुए नानाराव पार्क में समाप्त होगी। समापन स्थल पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 

यह भी बताया गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने 2018 में नवतेज सिंह जौहर बनाम भारतीय संघ के मामले में इनके अस्तित्व को प्राकृतिक और वैधानिक घोषित कर मौलिक अधिकारों की भी घोषणा की थी। कोर्ट और सरकार की सतत कोशिशों के बाद भी समाज में इन्हें विषमताओं और भेदभाव का सामना करना पड़ता है। यह यात्रा जनसंवेदनशीलता और जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्देश्य समरसता और सहिष्णुता का संदेश देना है।

ये भी पढ़ें- Kanpur Kushagra Murder: हत्यारों को फांसी दो… हटिया व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने किया प्रदर्शन

संबंधित समाचार