Kanpur News: मोतीझील में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली, हर दिन हो रही हजारों रुपये की कमाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के मोतीझील में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली।

कानपुर के मोतीझील में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली हो रही। पर्ची लगाकर वाहनों से पैसा वसूला जा रहा। जिससे हर दिन हजारों रुपये की कमाई हो रही।

कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम की नाक के नीचे ही अवैध पार्किंग के नाम पर वसूली का खेल चल रहा है। मोतीझील लॉन में चल रहे दीपावली मेले के बाहर रोड किनारे फुटपाथ पर पार्किंग के नाम पर हर दिन हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं, जबकि नगर निगम से किसी भी पार्किंग का टेंडर लंबे समय से खोला नहीं गया है। इस खेल की जानकारी निगम के अफसरों को है। 

मोतीझील लॉन में दीपावली मेला में हर दिन हजारों लोग घूमने व खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। कारगिल पार्क से लेकर ई-चार्जिंग स्टेशन तक फुटपाथ पर दो और चार पहिया वाहनों की  पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। इसके अलावा कारगिल पार्क में हजारों लोग घूमने आते हैं। वाहन पार्किंग फुटपाथ पर होती है, जिस पर अवैध रूप से वसूली की जा रही है।

दो पहिया वाहन से 20 रुपये व चार पहिया वाहन से 30 रुपये अवैध वसूली की जा रही है। दीपावली मेले मे आने वाले लोगों को पर्ची लगाकर जबरन वसूली की जाती है और पैसा न देने पर वसूली करने वाले लोग अभद्रता भी करते हैं। लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम से की है। अपर नगर आयुक्त प्रतिपाल सिंह चौहान ने संपत्ति विभाग से संपर्क कर जानकारी मांगी तो बताया गया कि लॉन को किराए पर दिया गया है, फुटपाथ पर पार्किंग के नाम पर वसूली अवैध है।

पर्ची पर रेट और ठेकेदार का नाम नहीं

पार्किंग में दी जा रही पर्ची तीन रंग की है। गुलाबी, हरी और पीली पर्ची है। जिसमें न तो  रेट लिस्ट है और न ही ठेकेदार का नाम पता व मोबाइल नंबर है। नगर निगम के अफसरों के मुताबिक नगर निगम ने शहर में सभी पार्किंग को निरस्त कर दिया है। कहीं भी कोई नगर निगम के नाम से पार्किंग चलाई जा रही है, वह पूरी तरह से अवैध है। 

मोतीझील में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत मिली है। इस संबंध में जोनल अधिकारी को मौके पर भेज कर जांच कराई जाएगी। अगर पार्किंग के नाम पर वसूली चल रही है तो संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।- प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर नगर आयुक्त

ये भी पढ़ें- Kushagra Murder: हाथों में जंजीर लेकर प्रदर्शन... कुशाग्र के हत्यारोपियों को सजाए मौत और एनएसए के तहत कार्यवाही की मांग

 

संबंधित समाचार