कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ का दावा- BJP कार्यकर्ताओं की एकजुटता देख कांग्रेस के हौंसले पस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जयपुर। झोटवाड़ा से भाजपा प्रत्याशी और जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने रविवार को निर्माण नगर, बजरंग द्वार, गांधी पथ, कालवाड़ रोड, निवारू रोड़, करणी विहार और आम्रपाली मार्ग सहित एक दर्जन से अधिक स्थानों पर जनसंपर्क कर भाजपा के लिए वोट मांगे। इस दौरान अनेक स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा आमजन ने उनका माला और साफा पहनाकर जोरदार स्वागत किया। 

ये भी पढ़ें - मेवाड़ के पूर्व शाही परिवार के सदस्य कुंवर विश्वराज सिंह सी पी जोशी के खिलाफ चुनाव जीतने को आश्वस्त

जनसंपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं के जोश और उल्लास को देखकर कर्नल राज्यवर्धन ने कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता को देखकर विपक्ष के हौंसले पस्त और धड़कन तेज हो गई है। उन्होंने प्रदेश के हित में अधिक के अधिक संख्या में मतदान कर भाजपा को विजय दिलाने का आह्वान किया। कर्नल राज्यवर्धन ने कहा, चुनाव पांच साल में आते हैं, हम सभी को इसमें पूरी भागीदारी निभाते हुए एक उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। 

कर्नल राज्यवर्धन ने कहा, जब हर व्यक्ति जाति, धर्म और समाज से उपर राष्ट्र हित को रखकर मतदान करता है, तो देश को मजबूती मिलती है। आपके वोट की ताकत से ही 2014 में देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की मजबूत सरकार मिली जिसने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के ध्येय के साथ गांव, गरीब महिलाओं सहित समाज के हर वर्ग तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाई और देश को अंदर से ही नहीं बाहर से भी मजबूत करने का काम किया। आज दुनिया में भारत की पहचान बदल रही है। 

कर्नल राज्यवर्धन ने कहा, लोकतंत्र में जब दोनों पहिए बराबर काम करते तो विकास तेज गति से होता है। लेकिन, जनता ने देखा कि जहां केन्द्र की भाजपा सरकार ने पिछले साढे 9 सालों में जनहित और देश हित में काम किए है वहीं प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पिछले पांच सालों में कुर्सी बचाने के लिए सिर्फ तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार करने का ही काम किया है।

कन्हैयालाल की गर्दन काटकर वीडियो बनाया गया, सरकारी कार्यालयों में सोना और पैसा मिला, जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के चलते जनता को पीने का पानी नहीं मिला, युवाओं को रोजगार नहीं मिला, किसानों का ऋण माफ नहीं हुआ, प्रदेश की जनता ने अपने आप को ठगा हुआ महसूस किया। प्रदेश की जनता ने 25 नवंबर को वोट की चोट से प्रदेश से कांग्रेस को उखाड़ फैकने का मन बना लिया है।

ये भी पढ़ें - MP में 2020 में कमलनाथ सरकार गिराने के लिए लॉकडाउन लगाने में देरी की गई : जयराम रमेश

संबंधित समाचार