रामपुर: दढ़ियाल और शहजादनगर में हुए हादसे में दो की मौत
सड़क हादसे में घायल किशोरी का अस्पताल में चल रहा उपचार
शहजादनगर/दढ़ियाल, अमृत विचार। रविवार को शहजादनगर और दढ़ियाल में हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मौत के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। जबकि एक किशोरी के घायल होने के कारण उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पटवाई थाना क्षेत्र के गांव सोहना निवासी नंदराम (40) अपनी 12 वर्षीय बेटी शालिनी के साथ बाइक से शनिवार को शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव पैगंबरपुर सुसराल गया था। रविवार को ससुराल से घर वापस लौटते समय मेगानगला गांव के पास बजरी प्लांट के सामने जेसीबी से बाइक टकरा गई। जिसके बाद पिता-पुत्री घायल होकर वहीं पर गिर गए।
मौके से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए एंबुलेंस 108 के जरिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद जेसीबी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। एक घंटे तक चले उपचार के दौरान नंदराम की मौत हो गई। उसकी बेटी शालिनी का जिला अस्पताल में ही उपचार चल रहा है। जैसे ही मौत की सूचना थाना पुलिस ने परिजनों को दी तो परिवार में कोहराम मच गया।
इसके अलावा दूसरा हादसा टांडा-बाजपुर मार्ग पर रविवार की शाम को हुआ। थाना टांडा के गांव चक गजरौला निवासी विजित (19) पुत्र चंद्रभान किसी काम से बाजपुर जा रहा था। जैसे ही युवक टांडा-बाजपुर मार्ग पर जटपुरा के पुलिया के पास पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने युवक की बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद युवक दूर जा गिरा। मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चालक कार को लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर परिजन पहुंच गए। रोते बिलखते परिजनों का बुरा हाल था। वहीं सूचना पाकर दढ़ियाल चौकी प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल को लेकर मौके पर पहुंच गए।
युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से कार सवार की तलाश में जुट गई है। दूसरी ओर हादसे के बाद मार्ग पर जाम लग गया। जिसे खुलवाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें- बरेली: 55 लाभार्थियों को जल्द मिलेगी 30.70 लाख की अनुदान राशि
